बेदी से आगे निकल अश्विन ने की कपिल के RECORD की बराबरी
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए चौथे टेस्ट मैच में एक फिर आर अश्विन की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने घुटने टेक दिए जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने मुकाबला पारी और 36 रनों से अपने नाम कर लिया.
इस मैच में अश्विन ने पहली और दूसरी पारी में कुल मिलाकर 12 विकेट हासिल कर एक और कीर्तिमान दर्ज कर लिया है.
इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में 12 विकेट चटकाने के साथ एक सीरीज में अश्विन 25 से अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं.
अश्विन ने 25 से अधिक विकेट लेने के साथ ही बिशन सिंह बेदी को पीछे छोड़ दिया है. बेदी ने अपने करियर में 3 बार ये कारनामा किया था.
जबकि अश्विन ने अब तक खेले कुल 43 टेस्ट मुकाबलों में 4 बार सीरीज़ में 25 से ज्यादा विकेट हासिल कर लिए हैं.
इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने कपिल देव के 4 बार सीरीज़ में 25 से ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.
इस लिस्ट में अश्विन टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज़ अनिल कुंबले और हरभजन सिंह से भी आगे निकल गए हैं.