तो अब फुल पैन्ट में नजर आएंगे RSS के कार्यकर्ता!

इस बार विजयादशमी के उत्सव में संघ करेगा शक्तिप्रदर्शन. पिछले कुछ वर्षों की तुलना में करीब दोगुने स्वयंसेवक इस बार विजयादशमी के उत्सव के लिए हाजिर रहेंगे. इसके लिए संघ ने जबरदस्त तैयारियां शुरू कर दी हैं. आने वाले राज्यों के चुनाव और हाल ही में हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद संघ का शक्ति प्रदर्शन अहम है. वैसे आपको बता दें कि संघ परिवार के सभी कार्यकर्ता पहली बार हाफ पैन्ट की जगह पूरी यूनिफॉर्म में दिखेंगे.
ये प्रैक्टिस खास विजयादशमी की तैयारियों का ही हिस्सा है. इस यूनिफॉर्म में सबसे बड़ा बदलाव ये देखने को मिला है कि खाकी पैन्ट की जगह भूरे रंग की फुल पैन्ट ने ले ली है. संघ परिवार की बाकी तैयारी भी आप रेशमीबाग ग्राउंड पर देख सकते हैं.
संघ ने अपने मुख्य अतिथि के रूप में इस बार भारतीय आर्थिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए सत्यप्रकाश राय को आमंत्रित किया है.
वहीं पथ संचालन में भी इस बार ज्यादा लोगों की आने की संभावना है. इस बार सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. संघस्थल पर पहुंचे नागपुर के मेयर ने एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत की. उन्होंने कहा 'कल हर साल जैसे ही पथ संचालन, व्यायाम योग, दंड योग, घोष, सांघिक गीत इत्यादी कार्यक्रम होंगे. शस्त्रपूजन भी कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.'
स्वयंसेवक स्मृति मंदिर के सामने प्रैक्टिस करते हुए कुछ इस अंदाज में दिखे. इस प्रैक्टिस की खास बात ये रही की सभी कार्यकर्ता फुल पैन्ट में नजर आए. नए यूनिफॉर्म में स्वयंसेवक मॉक ड्रिल करते हुए नजर आए.