अगर ऐसा ही होता रहा तो बदसूरत हो जाएगा ताज महल!
एक भारतीय अमेरिकी अनुसंधान दल ने पाया है कि ऐतिहासिक ताजमहल के पास शहर का ठोस कूड़ा जलाना इस विश्व धरोहर स्मारक को बदरंग करने में अहम भूमिका निभा रहा है.
इस अनुसंधान में ताजमहल और इसके आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर उपलों के जलाने और ठोस कूड़ा जलाने के असर की तुलना की गई. नए उपायों के प्रयोग से, मिनेसोटा विश्वविद्यालय के अजय नागपुरे और जार्जिया इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी के राज लाल सहित शोधकर्ताओं ने वैज्ञानिक सबूत दिये कि स्मारक के पास ठोस कूड़ा जलाना वायु प्रदूषक ‘पार्टीकुलेट मैटर’ के नुकसानदेह स्तर में योगदान कर सकता है.
वैज्ञानिकों ने पाया कि खुले में ठोस कूड़ा जलाने से पीएम 2.5 का प्रति वर्ष करीब 150 मिलीग्राम प्रति वर्ग मीटर ताजमहल की सतह पर जमा होता है जबकि इसकी तुलना में उपले जलाने पर यह आंकड़ा 12 मिलीग्राम प्रति वर्ग मीटर प्रति वर्ष है.
शोधकर्ताओं ने यह भी कहा कि ये दोनों स्रोत मिलकर पीएम 2.5 से जुड़ी समयपूर्व मृत्युदर के आकलन पर आधारित एक गंभीर स्वास्थ्य चिंता पेश करते हैं.