यूरोप पहुंचने के प्रयास में इस साल अबतक 4,700 शरणार्थियों की मौत: आईओएम

तस्वीरों में आप नन्हे आयलन की हृदयविदारक तस्वीर देख सकते हैं. साल 2011 से गृहयुद्ध से जूझ रहे सीरिया से जब आयलन का परिवार साल 2015 में अच्छी ज़िंदगी की तलाश में निकला होंगे तब उन्हें शायद ही पता होगा कि इसकी कीमत उन्हें अपने नन्हे बच्चे की जान से चुकानी होगी. मध्य पूर्व में अस्थिरता की वजह से न जाने कितने आयलनों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. इस से जुड़े ताज़ा आंकड़े सामने आया है. इन आकांड़ों में भूमध्य सागर पार करके यूरोप पहुंचने के प्रयास में साल 2016 में करीब 4,700 शरणार्थियों की डूबने के कारण मौत हो गई. इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने यह जानकारी दी है.
आईओएम के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार इस साल समुद्र के रास्ते 348,664 शरणार्थी यूरोप पहुंचे हैं, जबकि पिछले साल इस समय तक यह आंकड़ा 883,393 था.
इस साल यूरोप पहुंचने के प्रयास में जान गंवाने वाले शरणार्थियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है, लेकिन यूरोप पहुंचने में सफल होने वाले शरणार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है.
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इस लिहाज से 2016 यूरोप पहुंचने का प्रयास कर रहे शरणार्थियों के लिए काफी घातक रहा है.
आईओएम ने कहा, पिछले साल इसी समय में मरने वालों की तुलना में यह संख्या काफी ज्यादा है. पिछले साल 30 नवंबर तक इसी प्रयास में 3,565 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के मरने की खबर मिली थी.