Monsoon Health Tips: मॉनसून में इन बीमारियों का खतरा सबसे ज्यादा, इन 5 बातों का ख्याल रख अपनों को बचा सकते हैं आप

गर्मी से राहत देने वाला मानसून अपने साथ कई स्वास्थ्य चुनौतियां भी लेकर आता है. बारिश शुरू होते ही मौसम में नमी बढ़ जाती है, जगह-जगह पानी जमा होने लगता है और बैक्टीरिया, वायरस, मच्छरों के पनपने के लिए सही माहौल बन जाता है. यही कारण है कि बरसात के दिनों में बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है. इस मौसम में बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्युनिटी वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं. डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर, टाइफाइड, फ्लू और पेट से जुड़ी बीमारियां मानसून के दौरान तेजी से फैलती हैं. हालांकि थोड़ी सावधानी और सही आदतें अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है. तो आइए जानते हैं मानसून में कौन-कौन सी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और किन जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप खुद और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं.
बारिश के दौरान घरों और आसपास जमा पानी मच्छरों के पनपने की सबसे बड़ी वजह बनता है. ऐसे में डेंगू और मलेरिया के मामले तेजी से बढ़ने लगते हैं. डेंगू में तेज बुखार, सिर दर्द, शरीर दर्द और कमजोरी महसूस होती है, जबकि मलेरिया में ठंड लगने के साथ तेज बुखार आता है. ऐसे में बचाव के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें.
मानसून में तापमान और नमी में लगातार बदलाव होने के कारण शरीर की इम्यूनिटी कमजोर पड़ सकती है. ऐसे में वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी समस्याएं तेजी से फैलती हैं. अगर बुखार, खांसी, गले में दर्द या शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें और आराम करें. बार-बार हाथ धोना और साफ-सफाई रखना भी जरूरी है.
बरसात में खराब पानी और खराब खाने के कारण टाइफाइड, हैजा और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इन बीमारियों में पेट दर्द, दस्त, उल्टी और तेज बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए हमेशा साफ और उबला हुआ पानी पिएं. बाहर का कटा हुआ फल, स्ट्रीट फूड और लंबे समय से रखा हुआ खाना खाने से बचें.
मानसून में खराब खाना और पानी के जरिए हेपेटाइटिस A और E जैसे संक्रमण फैल सकते हैं. इनसे पीलिया होने की संभावना बढ़ जाती है. इसमें आंखें और स्किन पीली पड़ सकती हैं, साथ ही कमजोरी और भूख न लगने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में साफ खाना और पानी का सेवन इस बीमारी से बचाव का सबसे आसान तरीका है.
ऐसे में इन 5 बातों का ध्यान जरूर रखें. जिसमें पहला हमेशा फिल्टर या उबला हुआ पानी ही पिएं. गंदा पानी कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है. वहीं दूसरा खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं. इसके साथ ही तीसरा घर और आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छर भगाने वाले उपाय अपनाएं. इसके अलावा चौथा बासी और खुले में रखा खाना खाने से बचें. हमेशा ताजा और अच्छी तरह पका हुआ खाना खाएं. वहीं पांचवा विटामिन-सी फल, हरी सब्जियां और सही पानी का सेवन करें. अच्छी नींद और नियमित एक्सरसाइज भी जरूरी है.
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. इसलिए बारिश के मौसम में स्वच्छता, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. अगर समय रहते सावधानी बरती जाए तो डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर और पेट की बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है.