IN PICS: बॉलीवुड के तड़के के बीच IPL 9 का रंगारंग शुभारंभ!
गत चैम्पियन मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित ने ट्राफी पोडियम पर वापस रखी और आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुक्ला और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर इस दौरान मंच पर कप्तानों के साथ थे.
बॉलीवुड की तड़क भड़क के अलावा वेस्टइंडीज के क्रिकेटर ड्वेन ब्रावो के स्मैश हिट रैप ‘चैम्पियन डांस’ जैसे रंगारंग परफॉर्मेंस के साथ आज यहां इंडियन प्रीमियर लीग के नौवें टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया.
क्रिकेट की शुरूआत कल होगी जब मुंबई इंडियन्स खिताब बचाने के अपने अभियान की शुरूआत महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली पुणे की नयी टीम राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के खिलाफ करेगी.
दर्शकों ने इस दौरान ब्रावो के ‘चैम्पियंस डांस’ का खूब लुत्फ उठाया. वेस्टइंडीज की विश्व टी20 चैम्पियन टीम के सदस्य ब्रावो सफेद ब्लेजर और काली पैंट पहनकर आए थे और उनकी प्रस्तुति के दौरान साथी क्रिकेटरों और दर्शकों ने उनकी खूब हौसलाअफजाई की.
फोटो क्रेडिट- IndianPremierLeague
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह, अभिनेत्री कैटरीना कैफ, जैकलीन फर्नांडिज और पंजाबी गायक यो यो हनी सिंह ने यहां रंगारंग उद्घाटन समारोह के दौरान समा बांधा. इस दौरान बीसीसीआई के आलाधिकारी, फ्रेंचाइजी टीमों के मालिक, खिलाड़ियों के अलावा सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों का सहायक स्टाफ मौजूद था.
इस दौरान बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह ने भी शानदार परफॉर्मेंस दी.
पिछले उद्घाटन समारोह की तरह क्रिकेट के हिस्से को सिर्फ आठ टीमों के कप्तानों के शपथ लेने तक सीमित रखा गया. भारतीय टीम के निदेशक रवि शास्त्री ने आठ टीमों के कप्तानों को फेयर प्ले के लिए ‘एमसीसी स्पिरिट आफ क्रिकेट प्लैज’ पर हस्ताक्षर कराए.
दिल्ली डेयरडेविल्स के जहीर खान, गुजरात लायंस के सुरेश रैना, किंग्स इलेवन पंजाब के डेविड मिलर, कोलकाता नाइट राइडर्स के गौतम गंभीर, राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स के महेंद्र सिंह धोनी, रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के विराट कोहली, सनराइजर्स हैदराबाद के डेविड वार्नर और मुंबई इंडियन्स के रोहित शर्मा ने एक एक करके शपथ ली.
लगभग सवा दो घंटे चला यह कार्यक्रम पिछले सत्र के उद्घाटन समारोह जितना शानदार नहीं था लेकिन बॉलीवुड के सितारे यहां नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया के सरदार वल्लभभाई स्टेडियम में लोगों का मनोरंजन करने में सफल रहे.
ब्रावो ने एक अन्य गाने ‘चलो चलो’ पर भी डांस किया और इस दौरान बॉलीवुड के प्लेबैक सिंगर अंकित तिवारी उनके साथ थे जिन्होंने ‘चैम्पियन डांस’ का भारतीय रूप ‘हिंदुस्तान में बड़े बड़े चैम्पियन’ गाया.