उत्तर कोरिया ने चुराए यूएस और साउथ कोरिया के वार प्लान

ली ने कहा कि रक्षा मंत्रालय चोरी किए गए डाटा के बारे में जानकारी हासिल करने में जुटा है.
उत्तर कोरियाई हैकरों ने दक्षिण कोरिया के डिफेंस डाटा सेंटर में सेंध लगाकर बड़ी तादाद में संवेदनशील सैन्य दस्तावेज हासिल कर लिए हैं. इनमें अमेरिका और दक्षिण कोरिया द्वारा तैयार ऑपरेशनल वार प्लान (युद्ध रणनीति) से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं.
रिपोर्ट की मानें तो इसमें उत्तर कोरियाई शीर्ष नेतृत्व को खत्म करने की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी है. इसके अलावा दक्षिण कोरिया के विशेष सैन्य दस्तों, सहयोगी देशों के शीर्ष कमांडरों को जानकारी देने की प्रक्रिया, सैन्य ठिकानों और ऊर्जा संयंत्रों से जुड़ी जानकारी वाले दस्तावेज भी हैक हुए हैं.
हैकरों ने ऑपरेशनल प्लान 5015 और 3100 जैसे संवेदनशील दस्तावेज भी हासिल कर लिए. ऑपरेशन प्लान-5015 में अमेरिका और दक्षिण कोरिया के उत्तर कोरिया के खिलाफ तैयार युद्ध रणनीति से जुड़ी अतिसंवेदनशील सूचनाएं शामिल हैं.
हैकरों ने पिछले साल सितंबर में इसे अंजाम दिया था. योनहप न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक दक्षिण कोरिया में सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ली च्योल-ही ने रक्षा अधिकारियों के हवाले से मंगलवार को यह जानकारी दी.