मध्य प्रदेश में बारिश और बाढ़ से मची हाहाकार!
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में अभी दो दिन बारिश की संभावना और है 12 तारीख के बाद ही यहां से आफत के बादल छटेंगे.
मध्य प्रदेश में बाढ़ से निपटने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सरकार ने सभी जिलों के डीएम को अलर्ट पर रहने और राहत कैंपों में लोगों को किसी तरह की दिक्कत ना होने देने के निर्देश दिए हैं.
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से मरने वालों की तादाद बढ़कर 22 तक पहुंच गई है. 9 लोग लापता हैं सबसे ज्यादा प्रभावित विदिशा जिले में बारिश तो रुक गई है लेकिन संपर्क मार्ग टूटने से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है, इस बीच विदिशा और होशंगाबाद में बारिश की आशंका के चलते आज भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है.
विदिशा में तो बारिश थम गई है लेकिन अगले 24 घंटे में इंदौर, उज्जैन और होशंगाबाद में भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक वातावरण में नमी की वजह से लगातार बारिश हो रही है.
नदी नालों का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. नदी नालों के किनारे रह रहे 500 के करीब लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है. हालांकि राहत शिविर भी बाढ़ के प्रकोप से बच नहीं सके हैं, स्कूल कॉलेजों में भी पानी भरा होने से लोगों को दिक्कत आ रही है. बारिश से जानवर भी परेशान हैं.
भोपाल से विदिशा जाने वाला रास्ता जगह-जगह पानी भरने से बंद हो गया है, करीब 60 किलोमीटर लंबे इस रास्ते में लोग जहां के तहां फंस गए हैं. बारिश तो थम गई है लेकिन पानी सड़कों पर अभी भी भरा है. सांची के आगे बेतवा का पानी चढ़ने से रास्ता बंद हो गया है. विदिशा जाने वाले लोग परेशान है. विदिशा में पिछले 8 दिनों से लगातार बारिश से हाहाकार मच गया है, जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है.