India Gold Reserves: पूरे भारत में कितना है सोना, जानें देश में किस शख्स के पास सबसे ज्यादा गोल्ड?

India Gold Reserves: भारत की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और घरेलू बचत में सोने का हमेशा से एक खास स्थान रहा है. शादी और त्योहार से लेकर निवेश और पारंपरिक विरासत तक भारतीयों ने पीढ़ियों से इस कीमती धातु की भारी मात्रा जमा की है. लेकिन हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से एक साल तक सोना ना खरीदने की अपील की है. इसी बीच आइए जानते हैं कि पूरे भारत में कितना सोना है.
जब सरकार और घरों में रखे सोने के भंडार को मिला दिया जाता है तब भारत के पास दुनिया के सबसे बड़े कुल सोने के भंडार में से एक होता है. जहां देश के पास मौजूद आधिकारिक भंडार काफी बड़ा है वहीं सोने का ज्यादातर हिस्सा असल में निजी तौर पर घर, लॉकर और देशभर के मंदिरों में रखा है.
मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक भारतीय रिजर्व बैंक के पास इस समय देश के आधिकारिक भंडार के तौर पर लगभग 880.52 मीट्रिक टन सोना मौजूद है. इस सोने का एक बड़ा हिस्सा लगभग 77% विदेशों के बजाय भारत में ही रखा हुआ है.
भारत की असली सोने की ताकत आम घरों में छिपी है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय परिवारों के पास कुल मिलाकर 25000 से 34600 टन सोना है. इससे भारतीय परिवार दुनिया में सोने के सबसे बड़े निजी मालिकों में से एक बन जाते हैं.
भारतीय परिवारों के पास मौजूद सोने का अनुमानित मूल्य चौका देने वाला है. रिपोर्ट के मुताबिक भारत में निजी तौर पर रखे सोने का कुल मूल्य 5.1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है. यह देश की सालाना जीडीपी से भी ज्यादा है.
किसी एक अरबपति या फिर उद्योगपति के बजाय भारतीय महिलाओं को सामूहिक रूप से देश में सोने का सबसे बड़ा मलिक माना जाता है. रिपोर्ट के मुताबिक अकेले भारतीय महिलाओं के पास दुनिया के कुल सोने के भंडार का लगभग 11% हिस्सा है.
भारत में सोना बचत और निवेश के सबसे भरोसेमंद तरीकों में से एक बना हुआ है. आर्थिक अनिश्चितता या फिर बढ़ती कीमतों के समय भी परिवार सोना खरीदना जारी रखते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि इसे एक सांस्कृतिक प्रतीक और एक ऐसे दीर्घकालिक वित्तिय सुरक्षा कवच के रूप में देखा जाता है जिसका मूल्य पीढ़ियों तक बना रहता है.