भारत के कितने शहरों में चलती है मेट्रो? पाकिस्तान से कम या ज्यादा, जानिए वहां क्या हैं हाल

Metro Network in India: भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही है, पिछले कुछ वर्षों में देश के कई शहरों में मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है. जिसके चलते भारत दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क वाले देशों में शामिल हो गया है. हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार देश में मेट्रो सेवाएं कितने शहर तक पहुंच चुकी है, इसकी रिपोर्ट दी गई है. रिपोर्ट आने के बाद भारत की मेट्रो और पाकिस्तान की मेट्रो को लेकर भी चर्चाएं होने लगी है. ऐसे में चलिए आज हम आपको बताते हैं कि भारत के कितने शहरों में मेट्रो चलती है और यह पाकिस्तान से कम है या ज्यादा.
देश में मेट्रो विस्तार की रफ्तार पिछले 1 दशक में काफी तेज रही है. 2014 में जहां मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई करीब 248 किलोमीटर थी और केवल 5 शहरों में ही मेट्रो चलती थी. वहीं अब यह नेटवर्क 1000 किलोमीटर से ज्यादा पहुंच चुका है. आने वाले समय में इसकी लंबाई 1155 किलोमीटर तक पहुंचने का अनुमान है.
वहीं वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, जयपुर, गुरुग्राम, नोएडा, कोच्चि, लखनऊ, नागपुर, कानपुर, आगरा, पुणे और भोपाल समेत कुल 26 शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही है. इसके अलावा 900 किलोमीटर से ज्यादा लंबाई की नई मेट्रो परियोजनाएं निर्माणाधीन है.
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का असर यात्रियों की संख्या पर भी साफ दिखाई देता है. 2014 में जहां करीब 28 लाख लोग रोजाना मेट्रो से सफर करते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर एक करोड़ से ज्यादा हो चुकी है. तेज, सुरक्षित और समय की बचत करने वाले परिवहन साधन के रूप में मेट्रो शहरी जीवन का बहुत बड़ा हिस्सा बन चुका है.
वहीं देश की राजधानी दिल्ली का मेट्रो नेटवर्क भारत में सबसे बड़ा माना जाता है. दिल्ली एनसीआर में फैला नेटवर्क 350 किलोमीटर से ज्यादा लंबा है और सैकड़ों स्टेशनों के जरिए लाखों यात्रियों को रोजाना सेवा देता है. इसके बाद बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों के नेटवर्क भी लगातार विस्तार कर रहे हैं.
हाल ही में भोपाल भी मेट्रो सेवाओं वाले शहरों की लिस्ट में शामिल हुआ है. यहां ऑरेंज लाइन के साथ मेट्रो संचालन की शुरुआत की गई. इसके अलावा कई टियर-2 शहरों में भी मेट्रो परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है.
इसके अलावा भारत की तुलना में पाकिस्तान का मेट्रो नेटवर्क अभी बहुत छोटा है. पाकिस्तान में पहली मेट्रो रेल सेवा अक्टूबर 2020 में लाहौर से शुरू हुई थी. लाहौर ऑरेंज लाइन मेट्रो करीब 27 किलोमीटर लंबी है और 26 स्टेशनों के जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ती है.
फिलहाल पाकिस्तान का मेट्रो नेटवर्क मुख्य रूप से लाहौर तक सीमित है. हालांकि इस्लामाबाद, रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में मेट्रो बस सेवाएं भी संचालित की जा रही है, लेकिन रेल आधारित मेट्रो नेटवर्क के मामले में पाकिस्तान अभी भारत से बहुत पीछे हैं.