क्या सच में आसमान से होती है मछलियों की बारिश, क्या है इसका साइंस

Fish Rain: क्या आपने कभी सोचा है कि अगर बारिश के साथ आसमान से अचानक मछलियां गिरने लगे तो क्या होगा? वैसे तो यह सुनने में काफी है अजीब लगता है लेकिन मछलियों की बारिश एक असली और वैज्ञानिक रूप से दर्ज प्राकृतिक घटना है. आइए जानते हैं क्या है इसके पीछे का सच.
खराब मौसम के दौरान या फिर उसके बाद आसमान से मछलियां और दूसरे छोटे जलीय जीव कभी-कभी गिर सकते हैं. इस घटना को एनिमल रेन कहा जाता है.
समुद्र, झील या फिर नदी के ऊपर शक्तिशाली वॉटरस्पाउट बनते हैं और तेज खिंचाव पैदा कर सकते हैं. यह छोटी मछलियों, मेंढकों, केकड़ों और घोंघों को ऊपर उठा सकते हैं.
एक बार हवा में ऊपर उठने के बाद ये जीव तेज हवाओं के साथ कई किलोमीटर दूर तक जा सकते हैं. यह तब तक दूर जा सकते हैं जब तक की मौसम का सिस्टम कमजोर ना पड़ जाए.
जैसे-जैसे हवा की रफ्तार कम होती है जीव हवा में नहीं टिक पाते और आखिरकार बारिश के साथ जमीन पर गिर जाते हैं.
कम दूरी तक ले जाई गई मछलियां कभी-कभी जमीन पर गिरने के बाद जिंदा पाई जाती हैं. हालांकि ज्यादा ऊंचाई पर काफी ज्यादा ठंड की वजह से वह जम सकती हैं या फिर मर सकती हैं.
होंडुरास के योरो में स्थानीय लोग इस घटना को लुविया डे पेसेस कहते हैं. भारी बारिश के दौरान मछलियां दिखने की खबरों ने इस घटना को एक खास स्थानीय घटना बना दिया है.
एनिमल रेन से जुड़ी घटना में सिर्फ मछलियां ही नहीं होती. खराब मौसम से जुड़ी असामान्य बारिश की घटनाओं में मेंढक, केकड़े और घोंघे भी देखे गए हैं.
कुछ जगहों पर वैज्ञानिकों का ऐसा मानना है कि भारी बारिश से जमीन के नीचे की गुफाओं में पानी भर सकता है और जमीन के नीचे रहने वाली मछलियां प्राकृतिक रास्तों से बाहर आ सकती हैं. इससे ऐसा लगता है जैसे वे आसमान से गिरी हों.