Cockroach Survival: डायनासोर मर गए, लेकिन आज भी जिंदा हैं कॉकरोच! जानें कितना जिद्दी होता है यह जीव?

Cockroach Survival: सोशल मीडिया पर कॉकरोच एक बार फिर से चर्चा का विषय बन चुके हैं. इसकी शुरुआत तब हुई जब एक इंस्टाग्राम पेज कॉकरोच जनता पार्टी ने X पर एक अकाउंट बनाया. इस अकाउंट को कुछ समय बाद सोशल मीडिया से बैन कर दिया गया. लेकिन इसके बाद एक नया अकाउंट बनाया गया जिसके बायो में लिखा था कॉकरोच कभी नहीं मरते. यह बात सुनने में भले ही मजाकिया लगे लेकिन विज्ञान भी इस बात का समर्थन करता है कि कांग्रेस पृथ्वी पर पाए जाने वाले सबसे मजबूत जीवों में से एक हैं. जहां डायनासोर जैसी विशाल प्रजातियां भी लाखों साल पहले विलुप्त हो गई वहीं कॉकरोच हर बड़ी पर्यावरणीय आपदा से बचते हुए आज भी फल फूल रहे हैं. आइए जानते हैं क्या है इसके पीछे की वजह.
वैज्ञानिकों का ऐसा अनुमान है कि कॉकरोच पृथ्वी पर लगभग 30 करोड़ सालों से मौजूद हैं. इसका मतलब है कि वह डायनासोर के युग में भी जीवित थे और उस विनाशकारी उल्कापिंड के टकराने की घटना से भी बच गए जिसने कई दूसरी प्रजातियों को पूरी तरह से खत्म कर दिया.
कॉकरोच के बारे में सबसे चौंकाने वाले तथ्यों में से एक यह है कि सिर कटने के बाद भी वे लगभग एक हफ्ते तक जीवित रह सकते हैं. इंसानों के उलट वे नाक या फिर फेफड़ों से सांस नहीं लेते. इसके बजाय के अपने शरीर पर मौजूद छोटे-छोटे छिद्रों का इस्तेमाल करते हैं.
कॉकरोच हर तरह का भोजन करने वाले और किसी भी माहौल में ढल जाने वाले जीव होते हैं. वे लगभग हर चीज खा सकते हैं और उन पर खाने-पीने को लेकर कोई खास पाबंदी नहीं होती. वे कागज, गोंद, चमड़ा, बाल, सड़ते हुए जैविक पदार्थ और कई दूसरी अजीब चीजों को भी पचाने में सक्षम होते हैं.
उनकी मजबूती के पीछे एक और बड़ी वजह उनकी जबरदस्त सहनशक्ति है. कॉकरोच बिना भोजन के लगभग 1 महीने तक और बिना पानी के लगभग दो हफ्ते तक जीवित रह सकते हैं.
वैज्ञानिकों ने पाया है कि कॉकरोच इंसानों की तुलना में काफी ज्यादा रेडिएशन झेल सकते हैं. इसके अलावा वे कीटनाशकों और जहरीले रसायनों के प्रति भी काफी तेजी से प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं.
कॉकरोच पानी में भी जिंदा रहने में काफी माहिर होते हैं. वे पानी के अंदर लगभग 40 मिनट तक अपनी सांस रोक सकते हैं. इस वजह से उनके डूबने का खतरा कम हो जाता है.