फेसबुक से चाय की टपरी तक, रास्ते से उठाकर एकता कपूर ने इन 5 एक्टर्स को बनाया स्टार!

प्रोड्यूसर एकता कपूर ने अपने करियर में कई टीवी सीरियल्स दिए हैं, जिससे ना केवल उनका बल्कि कई कलाकारों का करियर बन गया. आज वह टीवी जगत का ही नहीं बल्कि ओटीटी का भी जाना-पहचाना नाम बन चुकी हैं. उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन शोज दिए और नए कलाकारों को स्क्रीन पर मौका दिया. इसी की वजह से उन्हें उन कलाकारों का गॉड फादर भी कहा गया. चलिए बताते हैं उन सितारों के नाम, जिन्हें उन्होंने इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम बना दिया. इसके बारे में उन्होंने खुद बताया है.
सोशल मीडिया पर एकता कपूर के एक इंटरव्यू की वीडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें वह बताती हैं कि उन्होंने कैसे करण कुंद्रा का फेसबुक पर अप्रोच किया था. प्रोड्यूसर कहती हैं, 'मैंने 2008 में फेसबुक चलाना शुरू किया था और एक एक्टर को वहीं देखा था. फिर उन्हें मैसेज किया था. वो करण कुंद्रा हैं, जा आज बड़े स्टार हैं.' करण ने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल 'कितनी मोहब्बत है' से साल 2009 में की थी.
वहीं, वायरल वीडियो में एकता कपूर दूसरा नाम स्मृति ईरानी का लेती हैं और कहती हैं, 'उन्हें मैंने मेरे ऑफिस के बाहर देखा था वह जींस में आई थीं. मैंने उन्हें वहां से कास्ट किया था.' आपको बता दें कि स्मृति ईरानी आज भले ही बीजेपी की बड़ी नेता बन चुकी हैं लेकिन उन्हें एकता कपूर के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से पॉपुलैरिटी मिली थी.
तृप्ति डिमरी आज इंडस्ट्री की बड़ी कलाकार बन चुकी हैं. उन्होंने 'एनिमल' से पॉपुलैरिटी हासिल की. एक्ट्रेस को लेकर एकता कपूर का कहना था, 'उनका ऑडिशन देखकर मैंने उन्हें अपनी फिल्म में लिया था.' गौरतलब है कि तृप्ति को 2018 में आई फिल्म 'लैला मजनू' में देखा गया था. इस फिल्म को एकता ने प्रोड्यूस किया था.
सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल 'पवित्र रिश्ता' से की थी. इस शो ने एक्टर को घर-घर में पहचान दिलाई थी और अंकित लोखंडे के रूप में उन्हें उनका पहला प्यार भी मिला था. एकता सुशांत को लेकर कहती हैं, 'सुशांत सिंह राजपूत एक थियेटर के बाहर चाय पी रहे थे, तब मैंने उन्हें अपने शो के लिए चुना था.'
इसके अलावा एकता कपूर, मौनी रॉय को लेकर भी कहती हैं. उन्होंने उन्हें जामिया कॉलेज में देखा था और वहीं पर उनकी कास्टिंग की गई थी. आपको बता दें कि मौनी को 'नागिन' जैसे टीवी सीरियल्स के लिए जाना जाता है, जिसे एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया था और अब इस शो का 7वां सीजन चल रहा है. वहीं, मौनी ने अपनी पहली फिल्म 'गोल्ड' अक्षय कुमार के साथ की थी.