कौन हैं कीर्ति कुल्हारी के पार्टनर राजीव सिद्धार्थ? 'फोर मोर शॉट्स प्लीज' में एक साथ आए थे नजर

एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी इन दिनों अपने रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते की पुष्टि की है. कीर्ति राजीव सिद्धार्थ के साथ डेट कर रही हैं. इसके बाद सबके मन में एक ही सवाल उठा, राजीव सिद्धार्थ कौन हैं? आइए जानते हैं, कैसे एक इन्वेस्टमेंट बैंकर से एक्टर बनने तक का उनका सफर रहा.
कीर्ति कुल्हारी ने फिल्मों और वेब सीरीज में अपनी दमदार एक्टिंग से खास पहचान बनाई है. उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, पिंक, मिशन मंगल और फोर मोर शॉट्स प्लीज़! जैसे प्रोजेक्ट्स में उनका काम खूब पसंद किया गया. हाल ही में कीर्ति ने अपने रिलेशनशिप को लेकर एक बड़ा खुलासा किया, जिससे फैंस हैरान रह गए. उन्होंने बताया कि वह एक्टर राजीव सिद्धार्थ को डेट कर रही हैं.
राजीव सिद्धार्थ का जन्म झारखंड के धनबाद में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई मसूरी और देहरादून के बोर्डिंग स्कूलों में हुई. पढ़ाई में वह हमेशा अच्छे रहे. उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की और फिर बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर्स किया.
पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर काम भी किया, लेकिन अच्छी नौकरी के बावजूद उन्हें अंदर से कुछ अधूरा सा लगता था. धीरे-धीरे उनका रुझान एक्टिंग की ओर बढ़ा और इसी वजह से उन्होंने कॉरपोरेट दुनिया छोड़कर अभिनय को अपना करियर बना लिया.
राजीव सिद्धार्थ ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत थिएटर से की. उन्होंने मोहन राकेश के नाटक ‘आधे-अधूरे’ से मंच पर डेब्यू किया और अपनी एक्टिंग से खूब तारीफ बटोरी. इसके बाद उन्होंने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कई जगह थिएटर किया.
साल 2007 में मनीष तिवारी की फिल्म ‘दिल दोस्ती’ से उन्होंने स्क्रीन पर कदम रखा. उस समय वह मुंबई में MBA की पढ़ाई कर रहे थे और पढ़ाई के साथ-साथ ऑडिशन भी देते रहे. धीरे-धीरे उन्होंने ‘24’, ‘जॉली एलएलबी’, ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज!’, ‘हंड्रेड’ और ‘अपस्टार्ट्स’ जैसे अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में काम कर अपनी पहचान बनाई. साल 2024 में वह ‘लव, सितारा’ में शोभिता धुलिपाला के साथ नजर आए, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला.
इसके बाद राजीव सिद्धार्थ वेब सीरीज ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज!’ में कीर्ति कुल्हारी के साथ नजर आए. इसमें राजीव ने मिहिर शाह का किरदार निभाया, जबकि कीर्ति अंजना मेनन के रोल में दिखीं. स्क्रीन पर साथ काम करते-करते दोनों की अच्छी बॉन्डिंग हो गई, जो धीरे-धीरे असल जिंदगी के रिश्ते में बदल गई.
बता दें, न्यू ईयर के दिन दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक साथ तस्वीर शेयर कर अपने रिश्ते का ऐलान किया. इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा,'एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है… सभी को न्यू ईयर और हैप्पी 2026 की शुभकामनाएं.'