पैसों के लिए शुरू की एक्टिंग, फिर घरवालों से छिपाई शूटिंग की बात, एक्ट्रेस बनने के लिए नुसरत भरूचा ने बेले कई पापड़

नुसरत भरूचा ने बहुत ही कम वक्त में अपना नाम बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल करवा लिया है. एक्ट्रेस कुछ ही सालों में कई सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं. जिनमें उन्होंने लीक से हटकर काम किया और लोगों के दिलों में खास जगह बना ली. लेकिन क्या आप जानते हो कि नुसरत की एक्टिंग में एंट्री कैसे हुई. इसका किस्सा बहुत ही दिलचस्प है.
हाल ही में नुसरत भरूचा ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में शिरकत की थी. जहां उन्होंने अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की.
एक्ट्रेस ने बताया कि, ‘ वो अपने पेरेंट्स की इकलौती बेटी हैं. एक बार उनके पिता का बिजनेस काफी टफ टाइम से गुजर रहा था. ऐसे में उन्होंने खुद पापा को सपोर्ट करने की जिम्मेदारी ली.’
एक्ट्रेस ने बताया कि, ‘पापा को देखकर मैं खुद ही जिम्मेदार बन गई औऱ सोचा कि उनकी मदद करूं, इसके लिए मैंने छोटी-छोटी जॉब करनी शुरू की. फिर एक दिन मुझे एड फिल्म का ऑडिशन देने का मौका मिला, फिर उसी के जरिए मैं अपनी पहली फिल्म ‘संतोषी मां’ की.’
एक्ट्रेस ने बताया कि, ‘इसके बाद मैंने एक बार ‘लव सेक्स और धोखा’ के लिए ऑडिशन दिया. लेकिन मैं रिजेक्ट हो गई. फिर जो लड़की मेरी जगह सिलेक्ट हुई थी, उसने फिल्म स्टार्ट होने से 10 दिन पहली छोड़ दी, तब ये फिल्म मेरे पास आई.’
नुसरत ने ये भी खुलासा किया कि इस फिल्म के बारे में उन्होंने अपने पेरेंट्स को कुछ नहीं बताया था. उन्होंने शूटिंग की बात घर में छिपाई थी. क्योंकि वो डांट खाना नहीं चाहती थी.
एक्ट्रेस ने बताया कि, फिल्म में मेरा एक किसिंग सीन था. तो मैं तो बहुत डरी हुई थी कि इसके बारे में घरवालों को कैसे बताऊंगी, लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई और वो सीन आया तो उसमें किसी का फेस नजर ही नहीं आ रहा था. इसलिए मैं बच गई थी.
बता दें कि इस फिल्म के बाद नुसरत भरूचा फिल्म ‘प्यार का पंचनामा’ में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आई. यहां से उनकी किस्मत ने यू टर्न लिया और वो देखते ही देखते बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस बन गई.