26 जनवरी को रिलीज हुई इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर तोड़े थे कमाई के रिकॉर्ड, जानें- ओटीटी पर कहां हैं अवेलेबल

गणतंत्र दिवस का मौका बॉलीवुड के लिए हमेशा खास रहा है. इस दिन या इसके आसपास रिलीज हुई कई फिल्मों ने सिनेमाघरों में आते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की और नए रिकॉर्ड बना दिए. अब वही हिट फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी मौजूद हैं जिन्हें आप घर बैठे देख सकते हैं.
गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होना बॉलीवुड फिल्मों के लिए हमेशा फायदेमंद रहा है. कई बड़ी फिल्में इसी टाइम रिलीज हुईं और आते ही बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर डाली. अच्छी बात ये है कि अब ये फिल्में ओटीटी पर भी आसानी से देखी जा सकती हैं.
शेखर कपूर की दमदार फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ डाकू फूलन देवी की जिंदगी पर बनी थी. सीमा बिस्वास ने इसमें फूलन देवी का किरदार निभाया था. 26 जनवरी 1996 को रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में करीब 13.87 करोड़ रुपये नेट और 20.67 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए थे. अपने समय में ये फिल्म सुपरहिट रही. अब आप ‘बैंडिट क्वीन’ अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
आमिर खान स्टारर यूथ ड्रामा ‘रंग दे बसंती’ 26 जनवरी 2006 को सिनेमाघरों में आई थी. देशभक्ति और युवाओं की सोच को दिखाती इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड करीब 96.90 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इंडिया में इसका नेट कलेक्शन 53.08 करोड़ रुपये रहा. ये फिल्म आज भी उतनी ही असरदार लगती है. ‘रंग दे बसंती’ नेटफ्लिक्स पर अवेलेबल है.
अक्षय कुमार की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘बेबी’ 23 जनवरी 2015 को गणतंत्र दिवस वीक में रिलीज हुई थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया और करीब 95.57 करोड़ रुपये इंडिया नेट और 142.98 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड कमाए. अगर आप इसे दोबारा देखना चाहते हैं तो ‘बेबी’ डिज्नी + हॉटस्टार पर मौजूद है.
एक्टर ऋतिक रोशन की फिल्म ‘काबिल’ 25 जनवरी 2017 को रिलीज हुई थी. इस फिल्म में ऋतिक ने एक नेत्रहीन शख्स का किरदार निभाया था जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था. बॉक्स ऑफिस पर ‘काबिल’ ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया और इसका कुल कलेक्शन करीब 106 करोड़ से 120 करोड़ रुपये के बीच रहा. फिल्म का बजट लगभग 50 करोड़ रुपये बताया जाता है. अगर आप ये फिल्म देखना चाहते हैं तो ‘काबिल’ जी5 पर अवेलेबल है.
शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ 25 जनवरी 2017 को रिलीज हुई थी. फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ था और कमाई के मामले में भी इसने अच्छा परफॉर्म किया. ‘रईस’ ने भारत में करीब 191 करोड़ और दुनियाभर में 281 से 308 करोड़ रुपये तक का बिजनेस किया. ये फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर की ऐतिहासिक फिल्म ‘पद्मावत’ 25 जनवरी 2018 को रिलीज हुई थी. विवादों के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 585 करोड़ रुपये रहा. अब ‘पद्मावत’ अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.
इस लिस्ट में शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ भी शामिल है जो 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर इतिहास बना दिया था. अगर आपने अभी तक नहीं देखी है या फिर दोबारा देखना चाहते हैं तो ‘पठान’ अमेजन प्राइम वीडियो पर अवेलेबल है.