IIT दिल्ली समर फेलोशिप का सुनहरा मौका, स्टाइपेंड के साथ फ्री रहने की सुविधा- जल्दी करें आवेदन!

अगर आप इंजीनियरिंग या किसी टेक्निकल कोर्स के छात्र हैं और समर वेकेशन में कुछ नया सीखना चाहते हैं, तो यह आपके लिए शानदार मौका है. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली ने समर फेलोशिप 2026 की घोषणा कर दी है. इस प्रोग्राम में छात्रों को प्रोफेसरों के मार्गदर्शन में असली रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा.
इस फेलोशिप के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं जो किसी मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग संस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं. खासतौर पर दूसरे और तीसरे वर्ष के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी. उम्मीदवारों का अकादमिक रिकॉर्ड अच्छा होना चाहिए, आमतौर पर कम से कम 8 CGPA या 75 प्रतिशत अंक जरूरी होते हैं. जो छात्र पहले से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली में पढ़ रहे हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं.
यह फेलोशिप छात्रों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें असली दुनिया की समस्याओं पर काम करने का मौका देती है.इससे उनके स्किल्स बेहतर होते हैं और भविष्य में उच्च शिक्षा या नौकरी के लिए मजबूत प्रोफाइल बनती है.अगर आप अपने करियर को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो यह एक बेहतरीन अवसर है.
इस प्रोग्राम में चुने गए छात्रों को हर सप्ताह 2000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. साथ ही IIT Delhi कैंपस में मुफ्त हॉस्टल सुविधा भी मिलेगी. छात्रों को आधुनिक लैब्स और एडवांस्ड उपकरणों के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उनका प्रैक्टिकल ज्ञान बढ़ेगा.
इस फेलोशिप के दौरान छात्र अनुभवी फैकल्टी के साथ मिलकर रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे. इससे उन्हें नई तकनीकों और असली समस्याओं को समझने का अनुभव मिलेगा. यह अनुभव आगे की पढ़ाई और करियर के लिए बहुत उपयोगी साबित होता है.
इस फेलोशिप के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 3 अप्रैल है. यह प्रोग्राम आमतौर पर मई से जुलाई के बीच आयोजित होता है और इसकी अवधि लगभग 8 से 10 सप्ताह की होती है.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा. इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और फॉर्म जमा करना होगा. चयनित अभ्यर्थियों को संस्थान में जॉइनिंग के समय अपने सभी ओरिजिनल डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए लाने होंगे.