दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों को विदेश में एक सेमेस्टर पढ़ने का मौका, ऑनलाइन कोर्स से भी मिलेगा क्रेडिट

अगर आप दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं या यहां एडमिशन लेने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. यूनिवर्सिटी छात्रों को इंटरनेशनल एक्सपोज़र देने के लिए नई पहल कर रही है.
जिसमें वे अपनी पढ़ाई का एक हिस्सा विदेश में पूरा कर सकेंगे और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अतिरिक्त क्रेडिट भी अर्जित कर पाएंगे.
दिल्ली यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने “Semester Away Programme” (SAP) शुरू करने के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए एक समिति बनाने का फैसला लिया है. इस योजना के तहत छात्र अपने डिग्री कोर्स का एक सेमेस्टर किसी विदेशी उच्च शिक्षा संस्थान में पढ़ सकेंगे, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर का अनुभव मिलेगा.
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली से जोड़ना और उनकी स्किल्स को बेहतर बनाना है. यह पहल Undergraduate Curriculum Framework 2022 का हिस्सा है, जिसे हाल ही में अकादमिक काउंसिल ने मंजूरी दी है.
यूनिवर्सिटी ने यह भी तय किया है कि छात्र अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी पढ़ाई कर सकेंगे और इसके बदले उन्हें क्रेडिट दिए जाएंगे. SWAYAM और अन्य Massive Open Online Courses (MOOCs) के माध्यम से छात्र अपने कुल अंकों का एक हिस्सा कमा सकेंगे.
क्रेडिट सिस्टम के तहत चार साल के अंडरग्रेजुएट कोर्स में छात्र अधिकतम 8 क्रेडिट, दो साल के पोस्टग्रेजुएट कोर्स में 4 क्रेडिट और एक साल के पीजी कोर्स में 2 क्रेडिट हासिल कर सकते हैं. वहीं पीएचडी करने वाले छात्रों को अधिकतम 4 क्रेडिट तक की सुविधा दी गई है.
इसके अलावा यूनिवर्सिटी ने 2026-27 सत्र के लिए BA प्रोग्राम के विषय संयोजन में बदलाव की मंजूरी दी है.जिन विषयों में कम दाखिले हो रहे हैं, उन्हें अन्य विषयों जैसे उर्दू, अरबी, फारसी, बंगाली और तेलुगु के साथ जोड़ा जा सकता है, ताकि सीटों का बेहतर उपयोग हो सके.