भारत में टॉस का कोई असर नहीं पड़ेगा: लीमैन

ऑस्ट्रेलिया के कोच ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पुणे में गुरुवार से शुरू हो रही चार टेस्ट की सीरीज़ के लिए अच्छे विकेट तैयार किए जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘‘वे अच्छे विकेट बनाते हैं, इसलिए अच्छे पांच दिवसीय टेस्ट (पिच) को लेकर उत्सुक हूं जो पांच दिन के दौरान टूटेगा.’’
लीमैन ने कहा, ‘‘टॉस को लेकर मेरा नजरिया यह है कि इसे खत्म करना चाहिए, मेरा हमेशा यही नजरिया रहा है. आप चाहे यहां हो या ऑस्ट्रेलिया में, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.’’
ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस (एएपी) ने लीमैन के हवाले से कहा, ‘‘हम जब पिछली बार यहां आए थे तो हमने चार बार टॉस जीता था और 0-4 से हार गए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘टॉस जीतने के बाद भी आपको अच्छा खेलना होता है.’’
ऑस्ट्रेलिया के कोच डेरेन लीमैन टॉस की प्रथा को खत्म करने के पक्ष में हैं और उनका मानना है कि भारत में आगामी टेस्ट सीरीज़ के नतीजे पर टॉस का कोई असर नहीं होगा. लीमैन पहले ही टॉस को लेकर अपनी आशंकाएं जता चुके हैं और उनका मानना है कि यह विकल्प मेहमान टीम को मिलना चाहिए कि वह पहले गेंदबाजी करना चाहती है या बल्लेबाजी.