Car Maintenance Tips: हर 6 महीने में अपनी कार में जरूर चेक करें ये चीजें, वरना कबाड़ बनने में नहीं लगेगा टाइम

मौसम बदलते ही हमारे रोजमर्रा के जीवन पर उसका असर साफ दिखने लगता है. कभी तेज गर्मी, कभी बारिश और फिर सर्द हवाएं, ये सभी बदलाव हमारी सेहत के साथ साथ हमारी कार पर भी असर डालते हैं. जैसे हम अपने शरीर का समय समय पर ध्यान रखते हैं, वैसे ही कार की देखभाल करना भी बहुत जरूरी है. अगर समय रहते छोटी छोटी चीजों पर ध्यान न दिया जाए, तो यही लापरवाही आगे चलकर आपकी कार को नुकसान पहुंचा सकती है और वह जल्दी खराब भी हो सकती है.
सबसे पहले बात आती है इंजन ऑयल की. हर 6 महीने में या लंबी दूरी पूरी होने पर इंजन ऑयल जरूर चेक करना चाहिए. साफ और सही मात्रा में ऑयल इंजन को स्मूद चलाने में मदद करता है. अगर ऑयल गंदा या कम हो जाए, तो इंजन पर दबाव बढ़ता है और धीरे धीरे आपकी गाड़ी की परफॉर्मेंस खराब होने लगती है. साथ ही ब्रेक ऑयल और कूलेंट भी चेक करना जरूरी है, क्योंकि ये कार की सेफ्टी और कूलिंग सिस्टम के लिए बेहद अहम होते हैं.
दूसरी जरूरी चीज है टायर और बैटरी. टायर का सही प्रेशर और उनकी कंडीशन कार की माइलेज और सेफ्टी दोनों पर असर डालती है. साथ ही घिसे हुए टायर कभी भी खतरा बन सकते हैं, खासकर बारिश के मौसम में. वहीं बैटरी भी समय के साथ कमजोर हो जाती है. अगर बैटरी ठीक से काम नहीं कर रही, तो कार स्टार्ट होने में दिक्कत आ सकती है. इसलिए हर 6 महीने में बैटरी की जांच और टर्मिनल की सफाई जरूर करवानी चाहिए.
इसके अलावा कार के फिल्टर, लाइट्स और वाइपर को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. एयर फिल्टर और केबिन फिल्टर गंदे हो जाएं, तो इंजन की परफॉर्मेंस और अंदर की हवा दोनों प्रभावित होती हैं.साथ ही हेडलाइट, इंडिकेटर और ब्रेक लाइट सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं, यह भी देखना जरूरी है. इसके अलावा वाइपर ब्लेड अगर सही नहीं होंगे, तो बारिश में ड्राइव करना मुश्किल हो सकता है. इन छोटी छोटी चीजों का ध्यान रखकर आप अपनी कार को लंबे समय तक अच्छी हालत में रख सकते हैं और उसे जल्दी कबाड़ बनने से बचा सकते हैं.
वही सस्पेंशन और स्टीयरिंग सिस्टम की जांच भी बहुत जरूरी है. खराब सड़कों पर चलने से सस्पेंशन पर काफी असर पड़ता है, जिससे गाड़ी चलाते समय झटके ज्यादा महसूस होते हैं. अगर समय पर इसकी जांच न करवाई जाए, तो आगे चलकर बड़ा खर्च आ सकता है. वहीं स्टीयरिंग में किसी भी तरह की आवाज या कंपन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह किसी बड़ी खराबी का संकेत हो सकता है.
अंत में कार की सफाई और सर्विसिंग को भी अपनी आदत में शामिल करना चाइए. बाहर की सफाई के साथ साथ अंदर की सफाई भी जरूरी होती है, ताकि धूल और गंदगी जमा न हो. समय समय पर प्रोफेशनल सर्विस कराने से छोटी समस्याएं पहले ही पकड़ में आ जाती हैं और बड़ा नुकसान होने से बच जाता है. अगर आप हर 6 महीने में इन सभी चीजों पर ध्यान देंगे, तो आपकी कार लंबे समय तक नई जैसी बनी रहेगी और आपको किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.