ABS warning light causes : क्या आपकी गाड़ी में भी जल रही ABS वॉर्निंग लाइट, जानें किस दिक्कत से होता है ऐसा?

आपने देखा होगा कि कभी-कभी आपकी कार, ट्रक या SUV में ABS वॉर्निंग लाइट डैशबोर्ड पर जलती है. ABS का मतलब एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम है. यह सिस्टम आपकी गाड़ी को अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों के जाम होने से बचाता है. जब पहिए लॉक हो जाते हैं, तो गाड़ी स्किड कर सकती है और ड्राइवर का कंट्रोल कम हो जाता है. ABS सिस्टम इस स्थिति में ब्रेक को कंट्रोल करता है और ड्राइवर को वाहन पर कंट्रोल बनाए रखने में मदद करता है, लेकिन अगर ABS लाइट लगातार जल रही है, तो यह संकेत है कि सिस्टम में कोई समस्या हो सकती है. इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. ऐसे में आइए आज जानते हैं कि आपकी गाड़ी में ABS वॉर्निंग लाइट किस दिक्कत से जलती है.
ABS सिस्टम आपकी गाड़ी के ब्रेक को स्मार्ट तरीके से कंट्रोल करता है. गीली, बर्फीली या फिसलन भरी सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने पर पहिए लॉक हो सकते हैं. ABS पहियों को लॉक होने से रोकता है, जिससे गाड़ी का संतुलन बना रहता है और ड्राइवर को स्टीयरिंग कंट्रोल मिलता है. यह सिस्टम हर पहिए की स्पीड को व्हील स्पीड सेंसर के जरिए मॉनिटर करता है. अगर कोई पहिया धीमा हो रहा है, तो सिस्टम ब्रेक प्रेशर को तेजी से बदलकर पहियों को घूमने देता है.
जब आप गाड़ी स्टार्ट करते हैं, डैशबोर्ड पर कई लाइट्स थोड़ी देर के लिए जलती हैं. इसमें ABS लाइट भी शामिल होती है. अगर लाइट कुछ सेकंड के लिए जलती है और फिर बंद हो जाती है, तो यह सामान्य है, लेकिन अगर लाइट लगातार जलती रहती है, तो इसका मतलब है कि ABS सिस्टम में कोई खराबी है. लाइट जलना यह भी संकेत देता है कि आपकी गाड़ी का ABS फीचर काम नहीं कर रहा है, भले ही सामान्य ब्रेकिंग काम कर रही हो.
ABS लाइट जलने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. जिसमें सबसे आम कारण व्हील स्पीड सेंसर की खराबी है, जो पहियों की स्पीड सही तरीके से नहीं पढ़ पाता है. इसके अलावा ABS फ्यूज उड़ना, ABS मॉड्यूल की खराबी, टोन रिंग में नुकसान, ब्रेक फ्लूइड का कम होना, या हाइड्रोलिक पंप की समस्या भी लाइट जलने का कारण बन सकती हैं. ये सभी स्थितियां ABS सिस्टम को सही से काम करने से रोकती हैं और वॉर्निंग लाइट जलाने का संकेत देती हैं.
अगर ABS लाइट जलती रहती है, तो तुरंत गाड़ी को अच्छे और एक्सपीरियंस तकनीशियन को दिखाएं. तकनीशियन डायग्नोस्टिक स्कैन टूल से समस्या का सटीक कारण पता लगाएगा.
अगर सिर्फ ABS लाइट जल रही है और कोई अन्य चेतावनी लाइट नहीं है, तो ब्रेक काम करेंगे, लेकिन ABS फीचर काम नहीं करेगा. आपातकालीन ब्रेकिंग या फिसलन भरी सड़क पर ABS सक्रिय नहीं होगा, जिससे गाड़ी का कंट्रोल कम हो सकता है. अगर अन्य चेतावनी लाइट्स भी जल रही हैं, तो यह गंभीर ब्रेकिंग समस्या का संकेत है. ऐसी स्थिति में गाड़ी चलाना खतरनाक है.
ऐसे में समय-समय पर गाड़ी की ABS सिस्टम जांच करवाए. व्हील स्पीड सेंसर और टोन रिंग की सफाई और जांच रखें. ब्रेक फ्लूइड स्तर नियमित रूप से चेक करें. किसी भी इलेक्ट्रिकल समस्या जैसे फ्यूज की जांच समय पर करवाएं.