गमले में सूख रहा है पुदीना तो न हों परेशान, इस कमाल के तरीके से रहेगा हरा-भरा

गर्मियों के मौसम में गन्ने का रस हो, आम का पन्ना या फिर नींबू पानी, पुदीने के बिना हर ड्रिंक अधूरी सी लगती है. यही वजह है कि ज्यादातर लोग इसे अपने घर के गमले में लगाना पसंद करते हैं. लेकिन मई-जून की इस भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण अक्सर गमले में लगा पुदीना सूखने लगता है.
अगर आपके घर का पुदीना भी इस तपती धूप में अपनी रंगत खो रहा है और उसकी पत्तियां पीली होकर गिर रही हैं. तो अब आपको बिल्कुल भी परेशान होने की जरूरत नहीं है. गार्डनिंग एक्सपर्ट्स ने एक ऐसा कमाल का गोल्डन रूल और आसान तरीका शेयर किया है, जिससे आपका सूखता हुआ पुदीना भी दोबारा एकदम फ्रेश और हरा-भरा हो जाएगा.
पुदीने को भीषण गर्मी से बचाने का सबसे पहला और जरूरी नियम है उसकी सही लोकेशन. दोपहर की सीधी और तेज धूप पुदीने की नाजुक पत्तियों को पूरी तरह झुलसा देती है. इसलिए अपने पुदीने के गमले को तुरंत किसी ऐसी जगह शिफ्ट करें जहां सुबह की सिर्फ दो-तीन घंटे की हल्की धूप आती हो और बाकी समय वहां अच्छी छांव रहे.
गर्मी के मौसम में पुदीने के गमले में नमी का बने रहना बेहद जरूरी है. क्योंकि इसकी जड़ें बहुत उथली होती हैं और मिट्टी सूखते ही पौधा कुम्हला जाता है. गमले में दिन में दो बार, सुबह और शाम के वक्त हल्का पानी जरूर डालें. ध्यान रहे कि गमले की मिट्टी हर वक्त हल्की नम होनी चाहिए. लेकिन उसमें पानी जमा नहीं होना चाहिए.
पुदीने को तेजी से घना और बुशी बनाने के लिए पिंचिंग सबसे बेस्ट और जादुई तरीका माना जाता है. जब भी आपको पुदीने की पत्तियों का इस्तेमाल करना हो तो केवल पत्तियां न तोड़ें बल्कि ऊपर की टहनी को उंगलियों से पिंच करके काट लें. ऐसा करने से उस जगह से दो नई शाखाएं निकलेंगी और आपका पौधा तेजी से फैलने लगेगा.
पौधे की बेहतर ग्रोथ और न्यूट्रिशन के लिए हर 15 से 20 दिनों में होममेड लिक्विड फर्टिलाइजर का इस्तेमाल करें. आप गोबर की सड़ी खाद या वर्मीकंपोस्ट को पानी में रातभर भिगोकर रख सकते हैं और सुबह उस पानी को पुदीने में डाल सकते हैं. यह नेचुरल बूस्टर गर्मियों में पुदीने की जड़ों को अंदर से ठंडक और भरपूर ताकत देता है.
इन सब आसान बातों के अलाव गमले की मिट्टी को तेज धूप से बचाने के लिए आप मल्चिंग तकनीक का सहारा ले सकते हैं. गमले की मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां या नारियल का छिलका बिछा दें जिससे पानी का वाष्पीकरण धीमा हो जाएगा. इस कमाल के तरीके को अपनाकर आप पूरी गर्मी अपने किचन गार्डन से एकदम फ्रेश पुदीना पा सकते हैं.