Organic Compost at Home: सब्जी काटने के बाद छिलके फेंक देते हैं? घर पर ही ऐसे तैयार करें जैविक खाद

अक्सर लोग फल और सब्जियां इस्तेमाल करने के बाद उनके छिलकों को कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लेकिन यही छिलके आपके घर के पौधों के लिए बेहतरीन जैविक खाद बन सकते हैं. अगर आपके घर में गमले या किचन गार्डन है, तो रसोई से निकलने वाले इन छिलकों का सही इस्तेमाल करके आप बिना ज्यादा खर्च किए हेल्दी खाद तैयार कर सकते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार फल और सब्जियों के छिलकों से बनी जैविक खाद पौधों की अच्छी बढ़त में मदद करती है. तो आइए जानते हैं कि घर पर आसान तरीके से जैविक खाद कैसे तैयार की जा सकती है.
खाद बनाने के लिए सबसे पहले रसोई से निकलने वाले फल और सब्जियों के छिलकों को अलग-अलग इकट्ठा कर लें. इसके साथ एक मिट्टी का घड़ा, कुछ सूखी पत्तियां, थोड़ी मिट्टी और गोबर तैयार रखें. विशेषज्ञ के अनुसार इसमें थोड़ी मात्रा में ऑर्गेनिक डी-कंपोजर भी मिलाया जाता है.
खाद जल्दी तैयार करने के लिए सभी छिलकों को छोटे टुकड़ों में काट लें. छोटे टुकड़े जल्दी गलते हैं और सड़ने की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे खाद कम समय में तैयार हो जाती है.
मिट्टी के घड़े के नीचे सबसे पहले सूखी पत्तियां या गत्ते के टुकड़े बिछाएं. इसके ऊपर कटे हुए फल और सब्जियों के छिलके डालें. फिर इनमें गाय का गोबर और थोड़ी मात्रा में ऑर्गेनिक डी-कंपोजर अच्छी तरह मिला दें.
तैयार मिश्रण के ऊपर थोड़ी सूखी मिट्टी डालें. इसके बाद हल्का पानी छिड़कें ताकि नमी बनी रहे. विशेषज्ञों के अनुसार खाद बनने की प्रक्रिया के दौरान समय-समय पर पानी का हल्का छिड़काव करते रहना चाहिए.
घड़े को ढक्कन या जालीदार कपड़े से ढक दें और किसी छायादार जगह पर रख दें. ध्यान रखें कि उसमें हवा आती-जाती रहे, जिससे खाद बनने की प्रक्रिया सही तरीके से चलती रहे और बदबू भी ना आए.
इसके बाद करीब 4 से 6 हफ्ते में छिलके पूरी तरह सड़कर गहरे भूरे या काले रंग की जैविक खाद में बदल जाएंगे. इस तैयार खाद का इस्तेमाल गमलों और किचन गार्डन में किया जा सकता है. इससे पौधों की अच्छी बढ़त होती है और वे हरे-भरे बने रहते हैं.