राजकुमारी डायना की भतीजी लेडी एलिजा स्पेंसर ने अपने प्रेमी चैनिंग मिलरड के साथ सगाई कर ली है. यह खबर सोशल मीडिया पर तब वायरल हुई जब एलिजा ने इंस्टाग्राम पर लाल रंग के खूबसूरत गाउन में अपनी हीरे की अंगूठी दिखाते हुए एक रोमांटिक तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, हमेशा के लिए.
एलिजा स्पेंसर, राजकुमारी डायना के भाई अर्ल चार्ल्स स्पेंसर और पूर्व मॉडल विक्टोरिया ऐटकेन की बेटी हैं. एलिजा देखने में राजकुमारी डायना की हूबहू कॉपी लगती हैं. वह स्पेंसर परिवार की सदस्य हैं जो ब्रिटिश शाही परिवार से जुड़े हुए हैं. एलिजा की जुड़वां बहन का नाम अमेलिया स्पेंसर है, जो खुद भी मॉडल हैं और हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में अपने पार्टनर ग्रेग मैलेट से शादी कर चुकी हैं. एलिजा और अमेलिया लंदन में रहती हैं और दोनों फैशन और मॉडलिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. एलिजा की सौतेली बहनें, लेडी किटी स्पेंसर, लेडी चार्लोट और लेडी लारा भी हाई-सोसायटी और फैशन की दुनिया में जानी-पहचानी हस्तियां हैं. उनके भाई लुइस स्पेंसर, विस्काउंट एल्थॉर्प, इस विरासत के अगले वारिस हैं.
एलिज़ा और चैनिंग की लव स्टोरी
एलिजा और चैनिंग मिलरड की मुलाकात 2016 में दक्षिण अफ्रीका की एक डिनर पार्टी में हुई थी. उस समय एलिजा अपनी बहन अमेलिया और उसके तत्कालीन प्रेमी ग्रेग के साथ थीं और मिलरड उनके मेहमान के रूप में वहां आए थे. उसी मुलाकात ने धीरे-धीरे एक खूबसूरत रिश्ते की नींव रखी. दोनों ही केप टाउन में पले-बढ़े और बिजनेस बैकग्राउंड से हैं. आज चैनिंग एक सफल उद्यमी हैं और एलिजा के साथ उनका रिश्ता 8 साल से अधिक समय से चल रहा है. एलिजा ने हैलो! मैगजीन को दिए गए इंटरव्यू में बताया था कि हमारा रिश्ता बहुत मज़बूत, प्यार भरा और हेल्पफुल है. वह सचमुच मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं. हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं.
डेस्टिनेशनल वेडिंग का शौकीन है कपल
लेडी एलिजा और चैनिंग मिलरड दोनों डेस्टिनेशन वेडिंग के शौकीन हैं. जैसे एलिजा की जुड़वां बहन अमेलिया ने केप टाउन में एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग की थी, वैसे ही उम्मीद की जा रही है कि एलिजा भी किसी शानदार यूरोपीय या अफ्रीकी लोकेशन पर शादी करेंगी. सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट को लाखों लोगों ने पसंद किया है और शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है.