ऑपरेशन सिंदूर को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जो बयान दिया है, उसको लेकर पाकिस्तान में हंगामा मचा हुआ है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान के रक्षामंत्री बीते 24 घंटे में 2-3 बार भारत को गीदड़भभकी दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि अगर भारत ने दोबारा कोशिश की तो उसे पिछले साल से भी ज्यादा अपमान का सामना करना पड़ेगा.  पाकिस्तान के चैनल समा टीवी को दिए फोनो पर ख्वाजा आसिफ ने कहा, 'अगर भारत की तरफ से भविष्य में किसी तरह का अटैक हुआ तो पाकिस्तान भी जवाब देगा. इस बार संघर्ष 200–250 किलोमीटर तक ही सीमित नहीं रहेगा, हम सीमा के अंदर घुसकर बहुत भीतर तक मार करेंगे.'

Continues below advertisement

ख्वाजा आसिफ ने इससे पहले एक्स पर पोस्ट कर कहा था, 'अगली बार हमारा जवाब निर्णायक होगा. इसमें कोई वहम नहीं होना चाहिए का पाकिस्तान शांति और क्षेत्र की स्थिरिता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.'  

राजनाथ सिंह के किस बयान पर बौखलाया पाकिस्तान? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) को तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान को घुटनों पर आने वाली बात याद दिला दी. उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद भारतीय सैनिकों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान को महज 22 मिनट में घुटनों पर ला दिया था. भारतीय सैन्य इतिहास में आतंकवाद के खिलाफ किया गया, अब तक का यह सबसे बड़ा ऑपरेशन था. यह ऑपरेशन अभी तक बंद नहीं हुआ है. यदि कोई भी गलत हरकत सरहद पार से हुई तो उसका मुंहतोड़ जवाब ही नहीं दिया जाएगा, बल्कि अभूतपूर्व कार्रवाई होगी.

Continues below advertisement

पहलगाम हमले के जवाब में सेना ने किया था ऑपरेशन सिंदूर

बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी. इस आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था. इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में स्थित कम से कम नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया था और कुछ प्रमुख सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए थे. इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी भारतीय सीमा पर हमले को अंजाम दिया, लेकिन भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई से उसके होश उड़ गए. पाकिस्तान के कई एयरबेस और एयर डिफेंस सिस्टम तबाह हो गए. जिसके बाद पड़ोसी देश घुटनों पर आ गया.