पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों और पुलिस को निशाना बनाकर कई हमले किए गए. इन घटनाओं में 3 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. खैबर जिले के तख्त बेग इलाके में जरमत खान शहीद संयुक्त जांच चौकी पर रविवार (23 अगस्त 2026) की देर रात आतंकवादियों ने हमला किया. यह चौकी पुलिस और फ्रंटियर कोर के जवानों की संयुक्त निगरानी में थी.

Continues below advertisement

पुलिस के अनुसार, हमलावरों और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी देर तक गोलीबारी हुई. इस दौरान पुलिस कांस्टेबल शुमल शलमानी और फ्रंटियर कोर के अधिकारी नजीर की मौत हो गई. हमले के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. खैबर जिले के पुलिस अधिकारी वकार अहमद की निगरानी में हमलावरों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.

Continues below advertisement

पेशावर में CTD अधिकारी की हत्या

खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर के बाहरी इलाके में भी एक सुरक्षा अधिकारी को निशाना बनाया गया. बडाबेर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बंदूकधारियों ने काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट यानी CTD में तैनात अधिकारी पर गोलीबारी की. पुलिस के मुताबिक, हमले में अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों हमलावर वहां से फरार हो गए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

मोहमंद में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला

खैबर पख्तूनख्वा के मोहमंद जिले की अंबर तहसील में भी पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया. पुलिस के अनुसार, दो अज्ञात हमलावरों ने चौकी पर हैंड ग्रेनेड फेंका. हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए. घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.