काठमांडू: कंचनपुर जिले में नेपाल-भारत सीमा पर स्थित चौकियों को रविवार शाम से 72 घंटे के लिए सील कर दिया गया है. यह कदम भारत में हो रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उठाया गया है. हिमालयन टाइम्स के मुताबिक, पश्चिमी चौकियों-गड्डाचौकी और ब्रह्मदेव- को रविवार शाम से बंद कर दिया गया है और दोधरा चंदानी और बेलौरी चौकियों को सोमवार शाम से सील कर दिया जाएगा.
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को मतदान होने हैं. नेपाल की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश के हिस्से में दूसरे चरण के तहत 15 फरवरी को मतदान होने हैं.
कंचनपुर के पुलिस उपाधीक्षक नैनसिंह कार्की ने कहा कि बेलदांडी और त्रिभुवन बस्ती में नेपाल-भारत चौकियां मंगलवार शाम से बंद रहेंगी और इन्हें बुधवार शाम पांच बजे के बाद फिर से खोल दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सीमा चौकियों को बंद करने का फैसला मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए किया गया है. नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में भारतीय पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है.
