Nepal Protest News Live: 'अब देश अंतरिम सरकार की ओर बढ़ रहा है', बालेन शाह का Gen-Z को मैसेज; सुशीला कार्की को दिया समर्थन
Nepal Gen-Z Protest News Live: नेपाल में हुए उग्र प्रदर्शन को देखते हुए फिलहाल काठमांडू एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है. यहां से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स भी अगले आदेश तक कैंसिल हो गई हैं.
LIVE

Background
नेपाल में शुरुआती दो दिनों तक हुए बवाल के बाद तीसरे दिन बुधवार (10 सितंबर) सुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. फिलहाल देश की कमान सेना के हाथों में है और अंतरिम सरकार के लिए चेहरे की तलाश की जा रही है. नेपाल आर्मी चीफ जनरल अशोक राज सिगडेल ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की अपील की थी. लिहाजा दोनों के बीच मसले को लेकर बात हो सकती है.
नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध को लेकर भड़के विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने सोमवार (8 सितंबर) को अपना फैसला वापस ले लिया था. तीन दिन पहले सरकार ने फेसबुक, एक्स (पूर्व ट्विटर) और व्हाट्सएप समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाने का आदेश दिया था. इस फैसले के विरोध में राजधानी काठमांडू सहित कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों में अब तक कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
नेपाल के संचार, सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कैबिनेट की आपात बैठक के बाद ऐलान किया कि प्रतिबंध हटा लिया गया है. उन्होंने बताया कि सूचना मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे 'जेन जेड' समूह की मांगों के अनुरूप सोशल मीडिया सेवाओं को बहाल करें.
सोमवार को हालात तब बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों का एक समूह संसद भवन परिसर में घुस गया. इसके बाद पुलिस को भीड़ पर काबू पाने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस और गोलियों का सहारा लेना पड़ा.
सरकार ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं से आंदोलन खत्म करने की अपील की है. वहीं, फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप जैसी लोकप्रिय सोशल मीडिया साइटें सोमवार रात से फिर से काम करने लगी हैं.
काठमांडू में फंसे लोगों को लाने के लिए अतिरिक्त विमान संचालित होंगी
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बुधवार को कहा कि नेपाल की राजधानी काठमांडू में फंसे लोगों को वापस लाने के लिए एअर इंडिया और इंडिगो अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेंगी. मंत्री ने यह भी कहा कि विमानन कंपनियों को अपने किराये उचित स्तर पर रखने की सलाह दी गई है.
Nepal Protest News Live: बालेन शाह का Gen-Z को मैसेज
बालेन शाह ने Gen-Z और नेपाल को लोगों के नाम संदेश जारी किया है. उन्होंने कहा, इस समय देश एक ऐसे विशेष परिस्थिति में है, जो इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया. आप सभी एक सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं. इस समय कृपया घबराएँ नहीं, धैर्य रखें. अब देश एक अंतरिम सरकार की ओर बढ़ रहा है, जो आगामी चुनाव कराएगी. इस अंतरिम सरकार का उद्देश्य केवल चुनाव कराना और देश को एक नया जनादेश दिलाना है. सभी द्वारा प्रस्तावित पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को मेरा पूर्ण समर्थन है."






















