मोहम्मद यूनुस ने US संग टैरिफ डील पर थपथपाई अपनी पीठ, बोले- 'भारत समझौता करने में हुआ फेल'
US-Bangladesh Trade Deal: बांग्लादेश की अतंरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने अमेरिका के साथ डील होने पर इसे निर्णायक कूटनीतिक जीत करार देते हुए अपने टैरिफ वार्ताकारों को बधाई भी दी है.

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार (1 अगस्त, 2025) को अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौता होने पर बांग्लादेश के टैरिफ वार्ताकारों को बधाई दी. हालांकि, इस दौरान यूनुस ने डील को लेकर जारी गतिरोध का भी जिक्र किया.
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार के प्रेस विंग की ओर से जारी बयान में मोहम्मद यूनुस ने कहा, “हम अमेरिका के साथ एक ऐतिहासिक व्यापार समझौता करने वाले बांग्लादेश के टैरिफ वार्ताकारों को गर्व के साथ बधाई देते हैं, यह एक निर्णायक कूटनीतिक जीत है." यूनुस ने इस समझौते को अमेरिका के साथ सफल टैरिफ बातचीत के तौर पर बताया.
यूनुस ने भारत पर अमेरिकी टैरिफ को लेकर किया कटाक्ष
मोहम्मद यूनुस ने अपने एक्स अकाउंट पर जारी एक बयान में कहा, “बांग्लादेश ने अमेरिका से 20 प्रतिशत टैरिफ दर प्राप्त की है, जो श्रीलंका, वियतनाम, पाकिस्तान और इंडोनेशिया जैसे अपने प्रमुख कपड़ा उद्योग क्षेत्र में प्रतिस्पर्धियों के बराबर है, जिन्हें अमेरिका की ओर से 19 से 20 परसेंट के बीच की दरें मिली हैं. इसके परिणामस्वरूप, कपड़ा निर्यात में बांग्लादेश की तुलनात्मक प्रतिस्पर्धात्मकता अप्रभावित बनी रहती है.”
Chief Adviser's message after successful tarriff negotiations with US
— Chief Adviser of the Government of Bangladesh (@ChiefAdviserGoB) August 1, 2025
Dhaka, August 1, 2025: We proudly congratulate the Bangladesh tariff negotiators on securing a landmark trade deal with the United States, a decisive diplomatic victory.
By reducing the tariff to 20%, 17…
वहीं, मोहम्मद यूनुस ने भारत पर अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ को लेकर तंज कसा है. यूनुस ने कहा, “अन्य देशों के मुकाबले भारत को अमेरिका से 25 परसेंट की टैरिफ दर मिली है क्योंकि वह अमेरिका के साथ व्यापक समझौता करने में असफल रहा है.”
पिछले एक साल से बिगड़े हैं भारत-बांग्लादेश के संबंध
भारत ने बांग्लादेश में यूनुस शासन के तहत भारत विरोधी टिप्पणियों और बयानबाजी के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं. ऐसे में पिछले साल अगस्त महीने से ही दोनों देशों के संबंध खराब चल रहे हैं और दोनों देशों का व्यापार भी प्रभावित हुआ है.
वहीं, अमेरिका पर निर्भर रहने वाला बांग्लादेश यह मानता है कि उसने भारत के 25 परसेंट अतिरिक्त टैरिफ के मुकाबले 20 परसेंट टैरिफ दर हासिल कर अपने पड़ोसी भारत से बेहतर प्रदर्शन किया है.
यह भी पढ़ेंः आयरलैंड में भारतीय नागरिकों के खिलाफ बढ़ रहे अपराध, दूतावास ने जारी की चेतावनी


















