जेबी तूफान से जापान में ताबाही, अबतक 7 मरे, 200 घायल
एजेंसी | 05 Sep 2018 10:48 AM (IST)
जापान के तोकुशिमा में मंगलवार को 25 साल में बाद जेबी तूफान के कारण भारी जान-माल को नुकसान पहुंचा है. तूफान से सबसे ज्यादा नुकसान पश्चिमी और मध्य जापान को हुआ हैं. 1993 के बाद जापान में आने वाला यह सबसे शक्तिशाली तूफान है.

Photo- PTI
टोक्यो, एजेंसी: जापान के तोकुशिमा में मंगलवार को आए जेबी तूफान के कारण भारी जान-माल को नुकसान पहुंचा है. इस शक्तिशाली तूफान में सात लोगों की मौत हो गई और लगभग 200 लोग घायल हो गए. तूफान के कारण भारी संख्या में इमारतों और परिवहन व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है. जिस कारण हवाई उड़ानों और रेल सेवाओं को रद्द करना पड़ा है. तूफान से सबसे ज्यादा नुकसान पश्चिमी और मध्य जापान को हुआ है. तूफान के कारण कंसाई अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा को भी बंद करना पड़ा. अधिकारियों ने कहा कि हवाईअड्डे पर दोपहर 209 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी. इस तूफान के कारण ओसाका प्रांत में यूनीवर्सल स्टूडियो को भी बंद करना पड़ा. कंसाई प्रांत में लगभग 16.1 लाख घरों और शिकोकू प्रांत में लगभग 95,000 घरों की बिजली ठप हो गई है. बाढ़ के कारण वहां लगभग 3,000 लोग फंसे हुए हैं. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने कहा कि तोकुशिमा प्रांत से गुजरने के बाद तूफान जापान सागर की ओर चला गया है, वहां से इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की आशंका है. जेएमए ने कहा है कि तूफान जेबी के चलते हवा 216 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है. लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं और भारी भूस्खलन की चेतावनी दी गई है. जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी प्रांतों का दौरा करने वाले थे लेकिन तूफान के कारण यह दौरा रद्द कर दिया गया. 1993 के बाद जापान में आने वाला यह सबसे शक्तिशाली तूफान है.