इराक के मोसुल शहर में हवाई हमला हुआ है. पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, इस हमले में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) की 34वीं ब्रिगेड के मुख्यालय को निशाना बनाया गया. फिलहाल इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. PMF इराक की सरकारी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है और इसमें कई ऐसे गुट शामिल हैं, जिनका संबंध ईरान से माना जाता है. 

Continues below advertisement

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब ईरान से जुड़ी जंग के कारण इलाके में तनाव लगातार बढ़ रहा है. इराक में अमेरिकी सेना और ईरान समर्थित समूहों के बीच पहले से ही जवाबी हमलों का सिलसिला चल रहा है, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर होते जा रहे हैं. मोसुल में हुआ यह ताजा हमला इसी बढ़ते टकराव का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है.

सुरक्षा बलों पर हवाई हमले

Continues below advertisement

इराक में 1 हफ्ता पहले सुरक्षा बलों पर हवाई हमले किए गए थे, जिसमें कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है. इन हमलों में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) और पुलिस को निशाना बनाया गया था.सबसे बड़ा हमला बगदाद के उत्तर में स्थित किरकुक प्रांत में हुआ था, जहां PMF के मुख्यालय पर तीन बार हवाई हमला किया गया. इस हमले में 3 लड़ाकों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए थे. इसके अलावा मोसुल शहर में एक पुलिस चेकपोस्ट पर भी हवाई हमला किया गया. इस हमले में एक अधिकारी और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. इराक के गृह मंत्रालय ने इसे अमेरिका-इजरायल की आक्रामक कार्रवाई करार दिया था. अजीजिया शहर में हवाई हमला

इससे पहले अजीजिया शहर में असाइब अहल अल हक समूह के मुख्यालय पर भी हवाई हमला हुआ था. इस समूह से जुड़ी सांसद महसिन अल-दुलैमी ने इस हमले को आक्रामक और आपराधिक बताया. यह हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब अमेरिका ने इराक सरकार के साथ मिलकर देश में सक्रिय सशस्त्र समूहों को रोकने के लिए सहयोग बढ़ाने की बात कही है. लगातार हो रहे इन हमलों से इराक और पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है.

ये भी पढ़ें: Iran-US War: अमेरिकी एयरफोर्स को तगड़ा झटका! ईरान ने A-10 फाइटर जेट मार गिराने का किया दावा