Iran Israel Ceasefire: इजरायल सरकार ने पुष्टि की है कि उसने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पेश किए गए ईरान-इजरायल युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अगर ईरान इस युद्धविराम का उल्लंघन करता है, तो इजरायल जोरदार जवाब देगा.
बयान में यह भी कहा गया है कि ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक खतरे को समाप्त करने का इजरायल का अपना मुख्य उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी विस्तृत बयान में बताया गया कि इजरायल ने ऑपरेशन 'राइजिंग लायन' के सभी लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है, जिससे उसे अब युद्धविराम पर सहमति देने का आधार मिला है.
नेतन्याहू ने की शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठकबयान के अनुसार, बीती रात प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री, इजरायली सेना (IDF) प्रमुख और मोसाद के प्रमुख के साथ मंत्रिमंडल की एक आपात बैठक की . इस बैठक में यह निष्कर्ष निकाला गया कि ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों के रूप में मौजूद दोहरे खतरे को समाप्त कर दिया गया है.
तेहरान में जबरदस्त हमले, बसीज के सैकड़ों ऑपरेटर ढेरइजरायली रक्षा बलों ने तेहरान के हवाई क्षेत्र पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है और ईरानी सैन्य नेतृत्व व सरकार के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया है. बयान में बताया गया कि पिछले 24 घंटों में तेहरान के केंद्र में कई सरकारी ठिकानों पर हमले हुए, जिनमें ईरानी अर्धसैनिक संगठन 'बसीज' के सैकड़ों सदस्य मारे गए और एक वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक भी ढेर किया गया.
ट्रंप को धन्यवाद, अमेरिका की भागीदारी पर प्रसन्नताइजरायल ने इस अभियान में अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दिए गए सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया है. बयान में कहा गया कि इजरायल और अमेरिका के बीच पूर्ण समन्वय के बाद यह युद्धविराम प्रस्ताव स्वीकार किया गया है.
उल्लंघन पर कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनीइजरायली सरकार ने साफ कर दिया है कि यदि किसी भी पक्ष द्वारा युद्धविराम का उल्लंघन किया जाता है, तो इजरायल बलपूर्वक और निर्णायक प्रतिक्रिया देगा. साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे होम फ्रंट कमांड (गृह मोर्चा कमान) द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते रहें.
इजरायली बलों और नागरिकों की सराहनाबयान के अंत में उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है, जिन्होंने इस संघर्ष में अपने प्रियजनों को खोया है. घायल सैनिकों और नागरिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई है. सरकार ने ऑपरेशन 'राइजिंग लायन' को एक ऐतिहासिक सैन्य सफलता बताते हुए कहा कि इस अभियान ने इजरायल को वैश्विक शक्तियों की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है और देश की अनंतता को सुरक्षित किया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस विषय पर मंगलवार को सार्वजनिक रूप से संबोधन देंगे.
