नई दिल्ली: पाकिस्तान, मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की सुरक्षा बढाने वाला है. पाकिस्तान के उच्च अधिकारियों ने पंजाब गृह विभाग को एक चिट्ठी लिखी है जिसमें कहा गया है विदेशी जासूसी एजेंसी ने हाफिज को मारने की योजना बनाई है. चिट्ठी में मांग की गई है कि हाफिज को कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक प्राधिकरण ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि विदेशी जासूसी एजेंसी ने सईद की हत्या के लिए एक प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को 8 करोड़ रुपये दिए हैं. हाफिज इन दिनों लाहौर स्थित अपने घर में नजरबंद है.

हालांकि इस चिट्ठी भी ये नहीं बताया गया है कि किस एजेंसी ने ये योजना बनाई है और किस संगठन के सदस्यों को 8 करोड़ रुपये दिए गए हैं. उसके संगठन जेयूडी को अमेरिका ने 2014 में आतंकवादी संगठन घोषित किया था. अमेरिका ने उस पर 10 मिलियन डॉलर का ईनाम भी रखा हुआ है.

हाफिज सईद को दुनिया भले ही आतंकवादी मानती हो लेकिन पाकिस्तान उसे आतंकवादी नहीं मानता और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भी वह हमेशा ऐसा कहता रहा है. भारत मुंबई हमले के बाद से हाफिज को सौंपने की मांग कर रहा है लेकिन पाकिस्तान ने इस मांग को कभी नहीं माना.