ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों पर कसा तंज, कहा- इन लोगों ने वोट क्यों नहीं डाले थे
एजेंसी | 23 Jan 2017 10:41 AM (IST)
वॉशिंगटन: अपनी कथित विभाजनकारी और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन कर रहे लाखों लोगों पर तंज कसते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘‘इन लोगों ने मतदान क्यों नहीं किया’’. हालांकि उन्होंने इसपर जोर दिया कि वह लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं. ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन हमारे लोकतंत्र का हॉलमार्क हैं. हालांकि मैं हमेशा इससे सहमत नहीं होता हूं, लेकिन मैं लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करता हूं.’’ देश के विभिन्न शहरों और कस्बों में उनकी विभाजनकारी और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ लाखों लोगों के सड़कों पर उतरने के बाद ट्रंप ने ट्वीट किया. एक अन्य ट्वीट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इन प्रदर्शनों को देखा है. ट्वीट किया, ‘‘कल प्रदर्शन देखे, लेकिन मुझे ऐसा लग रहा था कि अभी हाल ही में हमारे यहां चुनाव हुए हैं. इन लोगों ने मतदान क्यों नहीं किया? सेलिब्रिटीज़ बुरी तरह नुकसान पहुंचाते हैं.’’ कई ट्वीट में ट्रंप ने कल सीआईए कार्यालय के अपने दौरे का भी जिक्र किया.