अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लॉस एंजिलिस स्थित गोल्फ कोर्स के बाहर सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कार्यक्रम से दो दिन पहले सुरक्षा इंतजामों की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था.

Continues below advertisement

ट्रंप के गोल्फ कोर्स के बाहर हथियार के साथ गिरफ्तार

लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, रविवार को पकड़े गए शख्स की पहचान 38 वर्षीय जीनीन जॉन टेले (Jeanine John Taele) के रूप में हुई है। आरोपी की जेब से 16 राउंड की मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया. इसके अलावा उसकी कार की तलाशी में एक लोडेड पिस्तौल भी मिली.

Continues below advertisement

घर से बरामद हुए कई हथियार

सोमवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कैलिफोर्निया के डाउनी शहर स्थित आरोपी के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में आग्नेयास्त्र, मैगजीन, गोला-बारूद, बुलेटप्रूफ जैकेट और कुछ नोटबुक बरामद हुईं. इनमें चिंताजनक बातें लिखी थीं. हालांकि अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि उनमें क्या लिखा था और न ही यह स्पष्ट किया कि आरोपी राष्ट्रपति या कार्यक्रम पर हमले की योजना बना रहा था या नहीं.

ट्रंप के कार्यक्रम से पहले हुई गिरफ्तारी

शेरिफ विभाग ने इस गिरफ्तारी की जानकारी ऐसे समय दी, जब डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के रात्रिभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लॉस एंजिलिस के दक्षिण में स्थित रैंचो पालोस वर्देस के ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स पहुंचने वाले थे.

कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

जीनीन जॉन टेले के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. उस पर सेकेंड-डिग्री डकैती, बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने और छोटे बैरल वाली राइफल या शॉटगन रखने जैसे गंभीर अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा वाहन में छिपाकर हथियार रखने के आरोप में भी उस पर मामला दर्ज किया गया है. सोमवार को आरोपी ने अदालत में पेश होकर सभी आरोपों से इनकार किया.

पहले से डकैती के मामले में भी जांच

शेरिफ विभाग ने बताया कि जब अधिकारियों ने रविवार को आरोपी से संपर्क किया, तब पता चला कि एल सेगुंडो पुलिस विभाग पहले से ही उसके खिलाफ डकैती के एक मामले की जांच कर रहा था. लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने कहा कि इस घटना के बावजूद फिलहाल स्थानीय समुदाय के लिए कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है.

बता दें कि वर्ष 2025 में एक जूरी ने फ्लोरिडा स्थित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कंट्री क्लब में उनकी हत्या की कोशिश करने के आरोपी एक व्यक्ति को दोषी ठहराया था.