भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर UAE की तरफ से आयोजित एक समारोह में पहुंचे. उस दौरान उनके सिर टांके लगे हुए थे. बाएं हाथ में स्लिंग था. इस समारोह का आयोजन उन्हें और उनके साथी फ्लाईदुबई क्रू सदस्यों को सम्मानित करने के लिए किया गया था, जिन्होंने तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ 1073 पर आतंकी घटना को टाल दिया था.
UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन माछर और उनके साथी क्रू मेंबर को 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से सम्मानित किया. हालांकि, इस बीच इंटरनेट पर लोगों का ध्यान जिस बात ने सबसे ज्यादा खींचा, वह कैप्टन माछर और UAE के राष्ट्रपति के बीच हुई एक बहुत ही प्यारी बातचीत थी.
कैप्टन माछर राष्ट्रपति को क्या कहा?
UAE के राष्ट्रपति को गले लगाते हुए कैप्टन माछर ने कहा, "यह मेरे लिए सम्मान की बात है." इसके बाद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन माछर के सिर की चोट और टांकों को देखा. वीडियो में आगे दोनों को आपस में बातचीत करते और हंसी-मजाक करते हुए देखा जा सकता है. कैप्टन माछर के हाथ की पट्टी को देखते हुए शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पूछा, "आप कब तक ठीक हो जाएंगे?" उन्होंने जवाब दिया, "शायद दो महीने में."
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा, "मेरे ख्याल से जब आप ठीक हो जाएं तो मैं आपके साथ एक मुलाकात करना चाहता हूं, जिसमें मैं आपको सिखाऊंगा कि लड़ते कैसे हैं." यह सुनकर दोनों जोर से हंस पड़े. कैप्टन माछर ने अपने दिल पर हाथ रखते हुए जवाब दिया, "यह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है." समारोह के दौरान, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान फ्लाईदुबई के क्रू और यात्रियों को परिवार कहकर संबोधित करते नजर आए.
कॉकपिट में रखी क्रैश कुल्हाड़ी से हमला
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा, "आपकी लाइफ में जो कुछ भी हुआ हो, UAE आपका अपना देश है. यहां आपके लिए एक घर है और एक परिवार भी है." समारोह के दौरान कैप्टन माछर के सिर पर लगे टांके साफ देखे जा सकते हैं. उन पर उनके ही को-पायलट, हमम अल हम्मामी ने कॉकपिट में रखी क्रैश कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था, जिसके कारण उनके सिर की हड्डी में कंपाउंड डिप्रेस्ड स्कल फ्रैक्चर हो गया था.
