नई दिल्ली: भारत में बढ़ते कोरोना वायरस मामलों के बीच अब चीन अपने नागरिकों को निकालने की तैयारी कर रहा है. नई दिल्ली स्थित चीन दूतावास ने भारत में मौजूद चीनी छात्रों, कारोबारियों और पर्यटकों के वापस लौटने के लिए पंजीयन की कवायद शुरु की है. चीनी दूतावास ने सोमवार को अपनी वेबसाइट पर नोटिस लगाया है जिसमें कहा गया है कि जो लोग घर लौटना चाहते हैं, वे स्पेशल फ्लाइट में टिकट बुक कराएं.

भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और रोगियों की संख्या करीब 1.40 लाख होने वाली है. ऐसे में चीन ने अपने नागरिकों को यहां से वापस बुलाने का फैसला किया है. कोरोना वायरस की शुरुआत दिसंबर में चीन के वुहान शहर से हुई थी. दुनियाभर में इस वायरस से 54 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 3.4 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. भारत ने फरवरी में वुहान से करीब 700 भारतीयों को निकाला था.

चीनी दूतावास के नोटिस में कहा गया है कि घर वापसी करना चाह रहे लोगों को उड़ान के दौरान और चीन में प्रवेश के बाद आइसोलेशन और महामारी रोकथाम संबंधी सभी नियमों का पालन करना होगा. मंदारिन भाषा में प्रकाशित नोटिस में कहा गया है कि पिछले 14 दिन में कोरोना वायरस का इलाज कराने वाले या बुखार और खांसी जैसे संक्रमण के लक्षण रखने वालों को विशेष उड़ानों में यात्रा नहीं करनी चाहिए. इसमें कहा गया है कि यात्रा के टिकट और चीन में पृथक-वास में रहने का खर्च नागरिक को उठाना होगा.

कोरोना वायरस: जापान ने आपातकाल किया समाप्त, प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने की घोषणा