'इस बार चूकना नहीं चाहिए...', डोनाल्ड ट्रंप को TikTok पर मिली जान से मारने की धमकी
Indiana Man Arrested : आरोपी डगलस थ्रैम्स फिलहाल हिरासत में है और सोमवार को साउथ बेंड, फेडरल कोर्ट में अपनी पेशी और सुनवाई का इंतजार कर रहा है. हालांकि, थ्रैम्स के पास अभी तक अपना कोई वकील नहीं है.

Death Threat on TikTok Donald Trump : एसोसिएटेड प्रेस ने FBI के हवाले से बताया कि इंडियाना के गोशेन का रहने वाले 23 साल के डगलस थ्रैम्स को कथित तौर पर सरकार पर हमले करने के लिए उकसाने और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की धमकी देने के लिए टिकटॉक का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, थ्रैम्स ने इस हफ्ते टिकटॉक पर धमकी देने वाले वीडियों की पूरी सीरिज पोस्ट की थी.
आरोपी डगलस थ्रैम्स फिलहाल हिरासत में है और सोमवार को साउथ बेंड, फेडरल कोर्ट में अपनी पेशी और सुनवाई का इंतजार कर रहा है. हालांकि, थ्रैम्स के पास अभी तक अपना कोई वकील नहीं है जो उसके इंटरस्टेट कॉमर्स का इस्तेमाल करके धमकियां देने के आरोप पर जवाब दे सके.
FBI एजेंट ने कोर्ट फाइलिंग में क्या कहा?
रिपोर्ट के मुताबिक, एफबीआई एजेंट टेलर प्लेट्ज ने कोर्ट में दाखिल किए गए एक मामले में बताया कि एक टिकटॉक वीडियो में डगलस थ्रैम्स ने कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप को मार दिया जाना चाहिए और इस बार चूकना नहीं चाहिए. यह टिप्पणी पिछले साल जुलाई 2024 में अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में तत्कालीन रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान के दौरान उनपर हुए एक हत्या की कोशिश को संदर्भ देती हुई दिखाई दे रही है.
प्लेट्ज ने आगे कहा, टिकटॉक पर पोस्ट किए गए सभी वीडियो में वह दिखाई दे रहा है, सुनाई दे रहा है और उसे आसानी से पहचाना जा सकता है.
टिकटॉक पर लगे बैन को ट्रंप ने किया स्थगित
वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक को इस हफ्ते रविवार (19 जनवरी) से अमेरिका में बैन किया जाने वाला था, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने नए प्रशासन को राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों का आकलन करने और टिकटॉक ऐप के लिए संभावित अमेरिकी खरीदार को तलाशने के लिए प्लेटफॉर्म के बैन को 75 दिनों के लिए स्थगित कर दिया.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से समय सीमा बढ़ाने के बाद टिकटॉक की चीनी मूल कंपनी के पास अब अमेरिकी ऑपरेशन के लिए खरीदार ढ़ूंढने के लिए दो महीने से ज्यादा का समय है अन्यथा उसे अमेरिका में राष्ट्रीय स्तर पर बैन का सामना करना पड़ेगा. हालांकि इसके ओनरशिप के लिए प्रतिस्पर्धा शुरू हो चुकी है.
Source: IOCL























