मां की गिफ्ट की गई बाइबल का इस्तेमाल कर राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे ट्रंप
शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण के लिए लिंकन बाइबल का भी इस्तेमाल किया जाएगा. लिंकन बाइबल का पहली बार इस्तेमाल 4 मार्च, 1861 को किया गया था.

Donald Trump’s Inauguration : डोनाल्ड ट्रंप सोमवार (20 जनवरी) को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने वाले हैं. इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के लिए अपनी मां द्वारा दी गई बाइबल और लिंकन बाइबल का इस्तेमाल करेंगे. शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने शुक्रवार (17 जनवरी) को इस बात की जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल रोटुंडा के अंदर सोमवार (20 जनवरी) को आयोजित किया जाएगा.
डोनाल्ड ट्रंप की मां ने 1955 में दी थी बाइबल
उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप की मां ने साल 1955 न्यूयॉर्क के जमैका में फर्स्ट प्रेस्बिटेरियन चर्च में प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई के दौरान उन्हें बाइबल दी थी. जिसके कवर के निचले हिस्से पर डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिखा है. बता दें कि यह बाइबल न्यूयॉर्क में थॉमस नेल्सन एंड संस द्वारा प्रकाशित 1953 का संशोधित मानक संस्करण है. इसके अलावा प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि इस बाइबल के अंदर के कवर पर चर्च के अधिकारियों के हस्ताक्षर हैं.
शपथ ग्रहण समारोह में लिंकन बाइबल का भी होगा इस्तेमाल
शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के शपथ ग्रहण के लिए लिंकन बाइबल का भी इस्तेमाल किया जाएगा. लिंकन बाइबल का पहली बार इस्तेमाल 4 मार्च, 1861 को 16वें राष्ट्रपति (अब्राहम लिंकन) के शपथ ग्रहण समारोह में किया गया था. इसके बाद से अब तक इसका इस्तेमाल केवल तीन बार किया गया है.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने दोनों राष्ट्रपति कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह में लिंकन बाइबल का इस्तेमाल किया था. जबकि, साल 2017 में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह में लिंकन बाइबल का इस्तेमाल कर चुके हैं.
समारोह से जुड़ी समिति ने कहा कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने गए जे.डी. वेंस अपनी नानी की पारिवारिक बाइबल का इस्तेमाल करेंगे.
यह भी पढ़ेंः '20-25 मिनट की देरी होती तो चली जाती जान! बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना का सनसनीखेज खुलासा
Source: IOCL
























