काबुल: अफगानिस्तान में सितंबर में होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार अमरुल्लाह सालेह के कार्यालय पर आत्मघाती हमला हुआ है. इस हमले में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 लोगों के घायल होने की खबर है. अफगान प्रशासन की ओर से इस हमले की जानकारी दी गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक यह हमला कार विस्फोट के जरिए रविवार की शाम को पूर्व खुफिया प्रमुख अमरुल्लाह सालेह के कार्यालय के पास हुआ. सालेह 28 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार होने के साथ ही राष्ट्रपति अशरफ गनी के साथी भी हैं.
कार विस्फोट के बाद तीन अन्य हमलावर कार्यालय में कई घंटों तक छिपे रहे, जिन्हें वहां से निकालने के लिए सुरक्षा बलों ने एक अभियान चलाया. इन हमलावरों के खिलाफ चलाए गए अभियान में आधी रात को कामयाबी मिली. गृह मंत्रालय की प्रवक्ता नसरत रहीमी ने समाचार एजेंसी एफे को बताया, "इस हमले में 20 लोगों की मौत हो गई और अन्य 50 लोग घायल हो गए. मारे गए लोगों में चार सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं."
इस हमले में आत्मघाती हमलावर सहित चारों हमलावर मारे गए हैं, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 24 हो गई है. प्रवक्ता ने कहा कि आंतरिक मंत्रालय घटना की जांच कर रहा है. इमारत में फंसे करीब 150 लोगों को सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला.
हमले को लेकर गनी ने ट्वीट किया है, "मेरे भाई, अफगानिस्तान की मिट्टी का सच्चा बेटा और मेरे चुनावी टीम में उपराष्ट्रपति पद के पहले उम्मीदवार अमरूल्लाह सालेह देश के दुश्मनों के हमले में बच गए हैं."
