वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के करीब 30 घंटे बाद भी राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. ढही हुई इमारतों के मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें जुटी हैं, उन्हें अब भी उम्मीद है कि कहीं न कहीं कोई जिंदगी उनका इंतजार कर रही है. मलबे के नीचे से हर बार किसी के जीवित निकलने की खबर पूरे देश के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है. मौत और तबाही के बीच इंसानी जज्बे की ये कहानियां दुनिया भर के लोगों को भावुक कर रही हैं.

Continues below advertisement

सुरक्षित बची चीनी महिला

इन्हीं में सबसे चर्चित तस्वीर एक चीनी महिला की रही, जिसे बचावकर्मियों ने इमारत का कंक्रीट और छत काटकर सुरक्षित बाहर निकाला. बाहर आते ही उसने राहतकर्मियों की ओर देखकर सिर्फ इतना कहा, 'आप सभी का धन्यवाद!' यह छोटा-सा वाक्य उस पूरी त्रासदी के बीच उम्मीद का सबसे बड़ा मैसेज बन गया.

Continues below advertisement

सोशल मीडिया पर एक और तस्वीर शेयर की जा रही है. इसमें 82 वर्षीय महिला एस्कारलेट के जीवित मिलने का दावा किया गया है. उनके बारे में अपील की जा रही है कि अगर कोई उन्हें पहचानता हो तो उनके परिवार तक यह खबर पहुंचाए. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

बच्चा भी मलबे से सुरक्षित निकला

इसी बीच एक बच्चे को भी मलबे के नीचे से सुरक्षित निकाल लिया गया. वहीं, 12 वर्षीय सैमुअल ब्रिटो के मलबे में फंसे होने की जानकारी सामने आई है. बताया गया है कि वह अपना दाहिना हाथ नहीं हिला पा रहा है. हालांकि, उसके रेस्क्यू की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

दिल छू लेने वाली एक और तस्वीर पिंटो सालिनास से सामने आई, जहां बचावकर्मियों ने मलबे के नीचे दबे एक छोटे से पिल्ले को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह नन्ही-सी जान तबाही के बीच उम्मीद की बड़ी मिसाल बन गई.

एक युवा वेनेजुएलाई नागरिक ने भी सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार लगाई है. उसका कहना है कि उसके परिवार के कई सदस्य अब भी कैटिया ला मार इलाके में मलबे के नीचे फंसे हुए हैं और उन्हें तत्काल सहायता की जरूरत है.

 भूकंप से अब तक 235 की मौत

रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार शाम 40 सेकंड के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के आए दो शक्तिशाली भूकंप ने देश के मध्य तटीय इलाकों और राजधानी कराकस में भारी तबाही मचाई. इमारतें ढह गईं, बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हुईं और लगातार आ रहे झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी.  स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार (25 जून) शाम तक मृतकों की संख्या 235 पहुंच गई थी.

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में कितने रहते हैं भारतीय, जानें किस शहर में सबसे ज्यादा है इंडियंस की आबादी?