लखनऊ: यूपी के सीएम बनने के बाद योगी आदित्यनाथ आज दूसरी बार अपने गृह जिले गोरखपुर के दौरे पर जाने वाले हैं. मिली जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को 225 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात देंगे.

आपको बता दें कि 225 करोड़ रुपए की परियोजनाओं में से करीब 170 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और करीब 50 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया जायेगा.

शिलान्यास होने वाली विभिन्न परियोजनाओं में परिवहन, सिंचाई, जीडीए, समाज कल्याण, बिजली आदि की परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा आज योगी आदित्यनाथ राप्ती नदी पर बने असवनपुर पुल का उद्घाटन भी करेंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सीएम बनने के बाद योगी का यह दूसरा गोरखपुर दौरा है. योगी आज दोपहर 2.30 बजे सरकारी विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे. यहां से वो सीधे मोहद्दीपुर स्थित होटल अवंतिका में दोपहर 3 से 3.30 बजे तक बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक करेंगे.

इस बैठक में हिस्सा लेने के बाद योगी गोरखपुर विश्वविद्यालय में कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इसके बाद वह होटल क्लार्क में एक सेमिनार में हिस्सा लेंगे. फिर शाम को गोरखपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

रात्र विश्राम गोरखनाथ मंदिर में होगा. कल योगी देवरिया ज़िले के सलेमपुर में विकलांगों को उपकरण वितरित करने के बाद गोरखपुर में विकास प्राधिकरण में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और शाम को वापस लखनऊ लौट आएंगे.

आपको बता दें कि बीते महीने की 25 तारीख को योगी आदित्यनाथ सीएम बनने के बाद पहली बार गोरखपुर दौरे पर गए थे. इस दौरे पर एक भाषण के दौरान योगी ने कहा था, ''हमें बिना भेदभाव के यूपी को बदलना है औऱ यहां सुशासन लाना है. राज्य में सबका साथ सबका विकास के नारे को लागू करेगें. लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं होने देंगे.''