लखनऊ: राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस बदलाव की तरफ़ है. इसी कड़ी में यूपी में पार्टी प्रवक्ता बनने के लिए परीक्षा हुई. घंटे भर चली परीक्षा में 14 सवाल पूछे गए. कुछ सवाल देख कर तो पार्टी नेताओं के छक्के छूट गए. कुछ ने नक़ल की भी कोशिश की लेकिन बात बनी नहीं.

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी इस परीक्षा के लिए ख़ास तौर से दिल्ली से लखनऊ आईं. अब रिज़ल्ट दिल्ली से जारी होगा फिर यूपी कोटे से पार्टी के प्रवक्ताओं के नाम का एलान होगा. कुछ ही दिनों पहले प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने मीडिया कमेटी भंग कर दी थी.

तैयारी परीक्षा की ऐसी थी कि कोई परिंदा भी पर न मार सके लेकिन परीक्षा शुरू होते ही पेपर लीक हो गया. कांग्रेस सेवा दल के एक कार्यकर्ता ने प्रश्न पत्र की फ़ोटो लेकर कई लोगों को व्हाटसएप कर दिया.

दिल्ली से 26 जून को संदेश आया कि पार्टी के एक प्रवक्ता लखनऊ जा रहे हैं जिन्हें उनसे मिलना है, वे अपना नाम रजिस्टर करा लें. फिर 27 तारीख़ को एक और मैसेज आया. प्रियंका चतुर्वेदी आप सबसे 28 जून को दोपहर ढाई बजे मिलेंगी.

प्रियंका चतुर्वेदी एक घंटे देर से पहुँची. तब तक कांग्रेस के क़रीब सौ नेता पार्टी ऑफ़िस के हॉल में इंतज़ार करते रहे. किसी को पता भी नहीं था कि प्रवक्ता बनने के लिए परीक्षा भी देनी पड़ सकती है. प्रियंका अपने साथ पेपर लेकर आई थीं.

सबको मोबाइल अपने पास रखने की इजाज़त थी. घंटे भर की परीक्षा में ही कई नेताओं को नानी याद आ गई. सब एक दूसरे की कॉपी में ताक झाँक कर रहे थे. प्रियंका चतुर्वेदी ने कुछ को ऐसा करने से मना भी किया.

टीवी चैनलों से लेकर अख़बारों के लिए दिन रात बयान देने वाले नेता एसी में भी पसीने पसीने हो रहे थे. एक कहा ने कहा पहले से पता होता कि ये सब करना पड़ेगा तो फिर मैं यहाँ आता ही नहीं. पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने बताया,“हम पहले गुजरात और एमपी में ऐसा कर चुके हैं. राजस्थान में हमें परीक्षा लेनी थी. कुछ वजहों से टल गई तो हम यूपी चले आए.”

कांग्रेस प्रवक्ता बनने के लिए पूछे गए सवाल

1. यूपी में कितने मंडल और जिले और ब्लॉक हैं ?

2. यूपी में लोकसभा की कितनी सीटें आरक्षित हैं ?

3. 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को कितनी सीटें मिली थीं ?

4. यूपी में लोकसभा और विधानसभा की कितनी सीटें हैं ?

5. यूपी में एक लोकसभा में कितनी विधानसभा सीटें हैं ?

6. किन लोकसभा सीट पर मानक से कम या ज़्यादा विधानसभा सीटें हैं ?

7. मोदी सरकार की असफलता के मुख्य कारण क्या हैं ?

8. योगी सरकार की असफलता के मुख्य कारण क्या हैं ?

9. मनमोहन सरकार की उपलब्धियां क्या हैं ?

10. प्रवक्ता का काम क्या है ?

11. आप प्रवक्ता क्यों बनना चाहते हैं ?

12. आज समाचार पत्रों में तीन प्रमुख खबरें क्या हैं? जिस पर आप बयान जारी कर सकते हैं.

13. प्रमुख हिंदी, अंग्रेज़ी, उर्दू अख़बारों और चैनलों के नाम बतायें

14. 2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कितने प्रतिशत वोट मिले ?