गोरखपुर: गोरखपुर पुलिस और स्वाट टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन में मंगलवार को एक लुटेरे को गिरफ्तार किया जो पिछले दिनों जिले में हुई ताबड़तोड़ लूट और चोरी की घटनाओं का मास्टरमाइंड था. लुटेरे का दूसरा साथी मोटरसाइकिल से कूदकर पुलिस टीम पर फायरिंग करता हुआ फरार हो गया. पकड़ा गया अभियुक्त राजकुमार पुत्र स्व रामदास निवासी गजपुर उरुवाबाजार थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका एच एस नम्बर ए-10 है.
कई मामले थे दर्ज
राजकुमार लूट और हत्या के प्रयास के कुल आठ मुकदमों में वांछित था साथ ही उसपर इसके पहले भी तीन मुकदमे दर्ज हैं, कुछ मामले में वो जमानत पर था. राजकुमार के पास से एक तमंचा, एक जिन्दा कारतूस, एक बाइक, तीन मोबाइल और लूट के 74000 रुपए बरामद किए गए हैं. फरार सह-अभियुक्त नीरज कुशवाहा पुत्र ओमप्रकाश कुशवाहा निवासी ट्रांसपोर्ट नगर थाना राजघाट की तलाश पुलिस पूरी सरगर्मी से कर रही है.
फ़िल्मी अंदाज में करता था वारदातें
पकड़े गए अभियुक्त ने पूरी दिलेरी से पत्रकारों के सामने बताया कि वह लूटी गई रकम अपनी पत्नी, दूसरी महिलाओं और अपनी अय्याशियों पर खर्च करता था. उसने यह भी बताया कि उसने ताबड़तोड़ की गई वारदातों से हासिल बहुत सारी रकम खर्च कर डाली है. अभियुक्त ने कहा कि, कोई दो-चार करोड़ तो लूटा नहीं, जो लूटा अधिकतर खर्च हो गया.
 पकड़ा गया अभियुक्त टाइल्स और मार्बल्स का काम भी जानता है. अब तक वह टाइल्स-मार्बल्स के काम के नाम पर लोगों और पुलिस की नजर में धूल झोंकता रहा, और वो और उसका साथी फ़िल्मी अंदाज में विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातें करते रहे. इधर पुलिस अपराधियों की तलाश में खाक छानती रही.