लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल को करारा झटका देते हुए उसके विधानमंडल दल के नेता दलवीर सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये. बीजेपी के प्रान्तीय अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में अलीगढ़ के बरौली से आरएलडी विधायक दलवीर सिंह अपने समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गये. इसे विधानसभा चुनाव से पहले आरएलडी के लिये करारा झटका माना जा रहा है.
बड़ी संख्या में BJP में शामिल हुए दूसरी पार्टियों के नेता इसके अलावा इलाहाबाद के करछना से बीएसपी के पूर्व विधायक आनंद कुमार उर्फ कलेक्टर पांडेय, कांग्रेस नेता धीरेन्द्र सिंह, एसपी के पूर्व प्रदेश सचिव दशरथ सोनकर, रूदौली से बीएसपी के पूर्व प्रत्याशी सर्वजीत सिंह तथा लखनऊ के सरोजनीनगर पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी रूद्रदमन सिंह उर्फ बब्लू सिंह बीजेपी में शामिल हुए. बड़ी संख्या में ब्लॉक प्रमुख, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न दलों के पदाधिकारी भी बीजेपी का हिस्सा बने. मौर्य ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि बीजेपी परिवार का विस्तार निरन्तर हो रहा है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी. उन्होंने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सवाल किया कि उन्होंने अपने पिता मुलायम सिंह यादव को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने के लिये जिन विधायकों, सांसदों और पदाधिकारियों से जबरिया हलफनामा लिया है, वे कितनी जमीनों पर अवैध कब्जे और सरकारी ठेके हथियाने के काम में लिप्त हैं, उसका हिसाब दिया जाए.
प्रदेश के 13 महानगरों में प्रबुद्ध सम्मेलन मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी सुनियोजित ढंग से चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने के लिए तैनात प्रशासनिक अधिकारियों को हटाने की चुनाव आयोग से मांग करती है. ऐसे अधिकारियों में कई थानेदार, खण्ड विकास अधिकारी, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों के साथ प्रदेश के पुलिस महानिदेशक तक शामिल हैं. उन्होंने बीजेपी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रदेश के 13 महानगरों में प्रबुद्ध सम्मेलन के द्वारा बीजेपी प्रबुद्ध वर्ग के बीच पहुंचेगी. मौर्य ने बताया कि आगामी नौ से बारह जनवरी तक मण्डल स्तर पर अनुसूचित स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे. इसके अलावा 10 जनवरी से 10 फरवरी तक बूथ समिति सम्मेलन आयोजित होंगे. दस जनवरी को चुनाव अभियान समिति की बैठक होगी.
