सोनभद्र: जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद-370 निरस्त किये जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि यह जिस ढंग से किया गया, वह पूरी तरह असंवैधानिक एवं लोकतंत्र के सिद्धांतों के विपरीत है. उम्भा गांव के दौरे पर आयी प्रियंका ने 370 पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'इसे जिस ढंग से किया गया, वह पूरी तरह असंवैधानिक है और लोकतंत्र के सिद्धांतों के विपरीत है.'
उन्होंने कहा कि जब ऐसे फैसले किये जाते हैं तो नियम कायदों का पालन करना होता है लेकिन ऐसा नहीं किया गया. प्रियंका ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती आयी है.
इस मुददे पर पार्टी में अलग अलग राय पर प्रियंका ने कहा, 'कांग्रेस की कोई अलग अलग राय नहीं आयी. कांग्रेस पार्टी की सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस कार्यसमिति) जब हुई थी, उसमें स्पष्ट राय है. जो हुआ है वो संविधान को नकारा गया है और कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान के लिए, लोकतंत्र के लिए लडाई लड़ी है. हम उस लडाई को लडते रहेंगे.'
उन्होंने कहा, 'ये एक बहुत स्पष्ट राय है और यही स्टेटमेंट (बयान) है कि जिस तरह से ये किया गया है. सिंधिया जी ने जो सीडब्ल्यूसी में हैं, उन्होंने भी ये स्टेटमेंट साइन :बयान पर दस्तखत: किया है तो सब सहमत हैं.'
पत्रकारों के सवालों के जवाब में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमारे यहां सिर्फ एक ही व्यक्ति की आवाज नहीं सुनी जाती है, जैसा भाजपा में होता है. कांग्रेस में सबकी आवाज सुनी जाती है, उस पर चर्चा होती है, तब कोई राय कायम होती है.
इससे पहले वाराणसी पहुंचने प्रियंका ने टवीट किया, 'आज मैं सोनभद्र जा रहा हूं, जहां मैं उम्भा गांव के अपने भाइयों, बहनों और बच्चों से मिलूंगी. उनकी कुशल क्षेम जानूंगी.'
प्रियंका ने कहा कि उम्भा में नरसंहार पीडित परिवारों से चुनार के किले में मुलाकात के दौरान उन्होंने वायदा किया था कि वह फिर मिलने आएंगी.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी प्रियंका का फोटो टवीट किया है, जिसमें उन्हें सोनभद्र पहुंचते दिखाया गया है, जहां उनका पार्टी कार्यकर्ता भव्य स्वागत कर रहे हैं.
यूपी: सोनभद्र पर बोलीं मायावती- घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें सपा और कांग्रेस
