नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी में चुनाव चिन्ह विवाद पर चुनाव आयोग सोमवार को अंतरिम आदेश पारित कर सकता है. ज्यादा संभावना इस बात की जताई जा रही है कि आयोग एसपी के ‘साइकिल’ चुनाव चिन्ह पर रोक लगा सकता है.

सोमवार को आदेश पारित कर सकता है चुनाव आयोग

 मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी की अगुवाई में आयोग ने शुक्रवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनी थीं और अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था. चुनाव आयोग सोमवार को आदेश पारित कर सकता है.

17 जनवरी से पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की शुरूआत 17 जनवरी से होने वाली है. राज्य में सात चरण में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.

अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर विवाद

एसपी सांसद रामगोपाल यादव की ओर से एक जनवरी को बुलाए गए पार्टी के एक राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए जाने के बाद विवाद पैदा हो गया था. इसी अधिवेशन में मुलायम सिंह यादव को अध्यक्ष पद से हटाकर पार्टी का संरक्षक बना दिया गया था.

कदम का विरोध करते हुए आयोग का रूख

मुलायम ने इस कदम का विरोध करते हुए आयोग का रूख किया और उसे बताया कि वह अब भी पार्टी के अध्यक्ष हैं और चुनाव चिन्ह उन्हीं के खेमे के पास रहना चाहिए.