गाजियाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मार्च को हिंडन एयरबेस पर नागरिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत करेंगे और दिल्ली मेट्रो के 9.4 किलोमीटर लंबे दिलशाद गार्डन-नया बस अड्डा (गाजियाबाद) खंड का उद्घाटन करेंगे.
जिलाधिकारी रीतू माहेश्वरी ने बताया कि मोदी करीब चार बजे हिंडन हवाई अड्डा पहुंचेंगे और वह वहां से सड़क मार्ग से नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे. मेट्रो मार्ग का उद्घाटन करने के बाद वह हवाई अड्डे पर लौटेंगे और फिर वहां नागरिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत करेंगे. उसके बाद वह पास के एक मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे.
भारतीय वायुसेना ने क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) के तहत नागरिक उड़ान सेवाओं के लिए हिंडन हवाई अड्डे का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है.
IGI का भार कम करने में मिलेगी मदद, इन चार शहरों के लिए जाएंगी फ्लाइट्स
इस कदम से दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भार कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है. बता दें कि जिन चार शहरों के लिए उड़ानों को हरी झंडी मिली है, उसमें उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और प्रयागराज, राजस्थान का जैसलमेर और केरला का कन्नूर शामिल है. गाजियाबाद क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत हिंडन एयरबेस इन उड़ानों के लिए शुरू कर दिया जाएगा. शुरुआत में यहां से सिर्फ 80-सीटर विमान ही काम करेंगे. यह एक डिफेंस एयरपोर्ट है.
उड़ान योजना के तहत इस्तेमाल में लाया जा रहा है हिंडन एयरोपोर्ट
बता दें ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) योजना के तहत हिंडन एयरोपोर्ट को इस्तेमाल में लाया जा रहा है. इस योजना की शुरूआत साल 2017 के अप्रेल महीने में हुई थी. हवाई सेवा को छोटे शहरों तक पहुंचाना और किराया कम रखने के लिए इस योजना को शुरु किया गया था. इसका मुख्य लक्ष्य छोटे शहर के लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा देने है.
दिलशाद गार्डन-नया बस अड्डा खंड 25.09 किलोमीटर रिठाला-दिलशाद गार्डन मेट्रो मार्ग (रेड लाइन) का विस्तार है. रेड लाइन पर 21 स्टेशन हैं.
दिलशाद गार्डन-नया बस अड्डा मेट्रो खंड पर शाहिद नगर, राजबाग, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क, मोहन नगर, अर्थला , हिंडन रिवर स्टेशन और नया बस अड्डा स्टेशन हैं. इससे गाजियाबाद के लोगों को बहुत फायदा होगा.
