बरेली: बरेली क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. क्राइम ब्रांच ने देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार 50 हजार के इनामी बदमाश देवशरण को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब हो गया. बदमाश के पैर में गोली लगी है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दरअसल उस वक्त पश्चिमी यूपी में आतंक का पर्याय बना 50 हजार का इनामी, गैंगस्टर देवशरण बरेली की क्राइम ब्रांच के निशाने पर था. क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकते हैं. जिसके बाद आधी रात को पूरे जिले की नाकेबंदी कर दी गई और फिर सुभाषनगर के सरदार नगर में एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोग पुलिस को दिखे. पुलिस जब बाइक सवार को रोकती है तो वो उन्होंने फायर कर दिया.

जिसके बाद जबाबी कार्यवाही में क्राइम ब्रांच भी गोली चलाई और गोली देवशरण के पैर में जा लगी. देवशरण भी घायल होकर सड़क पर गिर गया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा.

लूट और डकैती के कई मामलों में था वांक्षित

एसएसपी मुनीराज के मुताबिक देवशरण पर लूट, डकैती के कई मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 50 हजार का इनाम यूपी पुलिस ने रख रखा है. पुलिस के मुताबिक बदमाश की पहचान 50000 के ईनामी व गैंगस्टर और थाना फतेहगंज पश्चिमी लूट में वांछित देवशरण के रूप में हुई है. बदमाश देवशरण मुरादाबाद के मंगूपुरा थाना बिलारी का निवासी है. देवशरण पर थाना फतेहगंज पश्चिमी व मीरगंज समेत अन्य जनपदों में लूट व डकैती के कई मुकदमें दर्ज हैं.

14 जुलाई 2019 को जिला रामपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में अभियुक्त देवशरण द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर एक लूट की घटना को अंजाम देना भी प्रकाश में आया है. पुलिस को काफी लम्बे समय से इसकी तलाश थी. घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस को अभियुक्त के पास से एक तमंचा 315 बोर व 02 जिन्दा कारतूस, 03 खोखा कारतूस 315 बोर तथा 01 सैंमसंग का मोबाईल जोकि थाना फतेहगंज पश्चिमी लूट में बरामद हुआ. बदमाश के संबंध में थाना सुभाषनगर पर मुख्य अपराध संख्या-400/19 धारा-307 पुलिस मुठभेड़ व 401/19 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है.