14 और 24 साल की लड़कियों के साथ रेप की घटनाओं से मुजफ्फरनगर में सनसनी
एजेंसी | 13 Aug 2018 06:14 PM (IST)
मुजफ्फरनगर जिले के संभलहेड़ा गांव में दो व्यक्तियों ने 14 साल की एक किशोरी का कथित तौर पर अपहरण कर बलात्कार किया. पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि घटना मीरानपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई.

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर जिले के संभलहेड़ा गांव में दो व्यक्तियों ने 14 साल की एक किशोरी का कथित तौर पर अपहरण कर बलात्कार किया. पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि घटना मीरानपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई. चौधरी ने बताया कि किशोरी कुछ सामान खरीदने के लिए बाहर गयी थी जब दो व्यक्तियों ने उसका अपहरण कर लिया. वे उसे पास के एक स्थान पर ले गए और जहां उन्होंने किशोरी का बलात्कार किया. उन्होंने बताया कि लड़की शाम को घर पहुंची और अपने परिवार को घटना के बारे में बताया. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने ताजीम और फिरोज के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है. महिला के साथ छह महीने तक बलात्कार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में 24 वर्षीय एक महिला के साथ एक व्यक्ति ने छह महीने तक दुष्कर्म किया जिसके कारण वह गर्भवती हो गयी. क्षेत्राधिकारी हरीश भदौरिया ने बताया कि शोएब नाम के व्यक्ति ने छह महीने से अधिक समय तक महिला के साथ बलात्कार किया और इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया. उन्होंने बताया कि जब महिला गर्भवती हो गयी तब आरोपी के परिवार वालों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया. बाद में महिला ने अपने परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में बताया. भदौरिया ने बताया कि कल शोएब, उसके पिता बदरू हसन, उसकी मां नगमा और भाई आरिफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. आरोपियों की तलाश जारी है.